नई दिल्ली।फरवरी महीने की शुरुआत के साथ मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है।बुधवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा और धुंध देखने को मिली।दिल्ली में एम्स फ्लाईओवर, अक्षरधाम,इंडिया गेट,कर्तव्य पथ,धौला कुआं और नारायण फ्लाईओवर के आसपास कोहरे की मोटी परत से दृश्यता काफी कम हो गई।अक्षरधाम फ्लाईओवर पर घने कोहरे से दृश्यता घट गई।वहीं, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स करीब 305 रिकॉर्ड किया गया,जो खराब श्रेणी में आता है।सुबह के समय कई इलाकों में वाहनों को हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर चलना पड़ा।मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कोहरे,बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
यहां छाया रहा घना कोहरा
हरियाणा के करनाल में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। गुरुग्राम से भी आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा,वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गयी।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सड़कों पर दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।हाईवे पर वाहन फॉग लाइट के सहारे आगे बढ़ते हुए नजर आए।
मुंबई में हालत बेहतर नहीं...
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी हालात बेहतर नहीं रहे। मुंबई में भारी स्मॉग देखने को मिला।एक्यूआई 180 दर्ज किया गया,यह खराब श्रेणी में आता है।मुंबई में सुबह दृश्यता कम रही।
जानें पिछले 24 घंटे का मौसम हाल
पिछले 24 घंटे के दौरान पंजाब,हरियाणा और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया।कुछ जगहों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही।पंजाब के आदमपुर में दृश्यता 10 मीटर रही,जबकि चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर दृश्यता शून्य मीटर तक पहुंच गई,हिमाचल प्रदेश, मेघालय,पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी घना कोहरा छाया रहा।पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा,अलीगढ़,मेरठ और मुजफ्फरनगर में भी दृश्यता 30 से 100 मीटर के बीच रही।मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दृश्यता शून्य रही।उत्तराखंड,उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।हिमाचल प्रदेश में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और आंधी चली।पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
तापमान की स्थिति
पिछले 24 घंटे में जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों,मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस भटिंडा में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का अलर्ट और आगे का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 7 दिनों के दौरान तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे। 5 फरवरी तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 3 फरवरी को उत्तर प्रदेश,पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। 5 और 6 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर के मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक 3 से 6 फरवरी तक दिल्ली-एनसीआर में आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है।अधिकतम तापमान 20 से 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 6 फरवरी को हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।