आप ने दिल्ली सरकार पर बोला जोरदार हमला,कहा-दिल्ली का सत्यानाश कर दिया
दिल्ली में हत्या,नालों या गड्ढों में गिरकर मौत की घटनाओं को लेकर चल रहा सियासी तीर
नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाल के महीनों में हत्या और नालों या गड्ढों में गिरकर मौत की घटनाओं को लेकर सियासी तीर चलना तेज हो गया है।आम आदमी पार्टी ने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए भारतीय जनता पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।
पूर्व मुख्यमंत्री आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कहा कि हालात गंभीर हैं।केजरीवाल ने कहा,बीजेपी ने सिर्फ़ 1 साल में ही पूरी दिल्ली का सत्यानाश कर दिया है,इन्हें जनता की जान की भी कोई परवाह नहीं है।आख़िर और कितनी जानें लेकर होश में आएगी ये लापरवाह सरकार।
दिल्ली में बढ़ती हत्या और हादसे की घटनाओं पर आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में नदी-नालों के एक स्वघोषित विशेषज्ञ उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना हैं और उन्हीं का विभाग दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) है।सौरभ ने कहा कि दिल्ली में सिर्फ यही नहीं,बल्कि पता नहीं कहां-कहां दिल्ली सरकार और डीडीए के नाले खुले हुए हैं और उनमें गिरकर लोगों की मौत हो रही है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि एक वक्त था,जब उपराज्यपाल खुद को लोकल गार्जियन कहते थे,वे टोपी और चश्मा लगाकर,अफसरों की पूरी फौज लेकर तत्कालीन आप सरकार की कमियां निकालते थे,अब वे एक साल से गायब हैं और सरकार को चिट्ठी भी नहीं लिख रहे हैं,क्योंकि अब बीजेपी की चार इंजन वाली सरकार की पोल सबके सामने खुल गई है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा,आज से दो साल पहले जब पूर्वी दिल्ली में डीडीए के नाले में कोई युवक गिरा था,तो तुरंत कह दिया गया था कि यह हमारा नहीं है,यह तो एमसीडी का है।सौरभ ने कहा कि वे दूसरों पर दोष मढ़ने के लिए सबसे आगे रहते थे,मगर आज दिल्ली में एमसीडी,डीडीए,दिल्ली सरकार, उपराज्यपाल और केंद्र सरकार सब बीजेपी के अधीन हैं।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज अगर कहीं गड्ढा है, तो वह बीजेपी का है,कहीं नाला खुला है,तो वह बीजेपी का है और कहीं इमारत गिर रही है,तो वह बीजेपी की जिम्मेदारी है,कहीं स्कूल से निकलते हुए 14 साल के बच्चे की हत्या हो रही है, तो वह भाजपा की जिम्मेदारी है।
सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा,दिल्ली में दो दिल्ली हैं,एक दिल्ली लोगों की है और दूसरी दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता की है।सौरभ ने कहा कि एक दिल्ली में 24 घंटे में 6 लोगों की हत्या हो रही है,नाले में और गड्ढे में गिर कर घर के चिराग बुझ रहे हैं।दूसरी दिल्ली में सीएम नाच-गा रही है,फीते काट रही है,छोले भटूरे खा रही है,क्या अपने बेटे के साथ ऐसा हो तो मां ये कर सकती है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में 24 घंटे के अंदर छह-छह हत्याएं हो रही हैं,इसमें दसवीं कक्षा,नौवीं कक्षा के बच्चे की हत्या हो रही है,सिर में चाकू घोंपकर हत्या की जा रही है, इसके बावजूद न तो उपराज्यपाल का कोई बयान आता है, न केंद्रीय गृह मंत्री का और न ही मुख्यमंत्री का बयान आता है,सब चुप हैं और ऐसा लग रहा है जैसे यह सब किसी और दिल्ली में हो रहा है।सौरभ ने कहा कि ये लोग किसी दूसरी दिल्ली में घूम रहे हैं,जहां भजन हो रहे हैं,फीते काटे जा रहे हैं,नाच-गाना हो रहा है और छोले-भटूरे खाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की एक अलग ही दिल्ली है।