नई दिल्ली।होली पर बिहार और उत्तर प्रदेश में अपने घर जाने वालों के लिए अच्छी खबर है।रेलवे इस दौरान 3 विशेष ट्रेनें चलाएगा।रेलवे ने यह फैसला होली पर्व के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए लिया है।रेलवे प्रशासन ने नई दिल्ली-बरौनी,नई दिल्ली-गोरखपुर और आसनसोल-गोरखपुर के बीच विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा करने से पहले समय और आरक्षण की स्थिति की जानकारी जान लें।
रेलवे के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि गाड़ी संख्या 04054 नई दिल्ली-बरौनी 20 फरवरी से 6 मार्च तक प्रतिदिन नई दिल्ली से 19:50 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन 22:00 बजे बरौनी पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 04053 बरौनी-नई दिल्ली 22 फरवरी से 8 मार्च तक प्रतिदिन बरौनी से 00:45 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन 3:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह सेवा कुल 15 फेरों के लिए संचालित की जाएगी।
प्रवक्ता ने बताया कि गाड़ी संख्या 04022 नई दिल्ली-गोरखपुर 20 फरवरी से 6 मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार नई दिल्ली से 14:00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 5 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।गाड़ी संख्या 04021 गोरखपुर-नई दिल्ली 21 फरवरी से 7 मार्च तक प्रत्येक शनिवार गोरखपुर से 7 बजे प्रस्थान कर 23:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह सेवा कुल 3 फेरों के लिए चलाई जाएगी।
प्रवक्ता ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों में एलएसएलआरडी के 1, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4, शयनयान श्रेणी के 6, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 6, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के 2, वातानुकूलित प्रथम श्रेणी का 1 तथा जनरेटर सह लगेज यान का 1 कोच सहित कुल 21 कोच लगाए जाएंगे।
प्रवक्ता ने बताया कि गाड़ी संख्या 03525
आसनसोल-गोरखपुर 28 फरवरी एवं 2 मार्च को आसनसोल से 19:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 9:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 03526 गोरखपुर-आसनसोल 1 एवं 3 मार्च को गोरखपुर से 12:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 4:30 बजे आसनसोल पहुंचेगी। यह सेवा 2 फेरों के लिए संचालित की जाएगी।