दिल्ली में कल से बदलेगा मौसम,बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं,फिर वापस आएगी सर्दी
आईएमडी ने हल्की से मध्यम बारिश के लिए जारी किया येलो अलर्ट,बारिश से गिरेगा तापमान,सुधरेगी वायु गुणवत्ता
नई दिल्ली।एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पर भी पड़ेगा।इंडिया मेटियोरोलॉजिकल डिपार्टमेंट के मुताबिक बुधवार को दिल्ली में मौसम बदलेगा।सुबह से बादल छाए रहेंगे,सुबह कई जगहों पर हल्की बारिश होगी। दोपहर में गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी।
मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।पिछले कई दिनों से तापमान बढ़ रहा है।मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस और सोमवार से 2.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह कल से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम है, लेकिन सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।बुधवार को बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी हवाएं कमजोर हैं और बुधवार को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा,जिससे मौसम में बदलाव आएगा।गुरुवार से तापमान फिर बढ़ेगा। इसके बाद रविवार और सोमवार को मौसम फिर बदलने का अनुमान है और आसमान में बादल छाए रहेंगे।
मंगलवार को हवा की क्वालिटी खराब कैटेगरी (300 से नीचे) में रही,लेकिन सोमवार की तुलना में इसमें थोड़ा सुधार हुआ। सोमवार को दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स 261 था और मंगलवार को यह गिरकर 249 हो गया।
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के SAMEER ऐप के अनुसार, रात 9 बजे, 38 चालू पॉल्यूशन मॉनिटरिंग स्टेशनों में से नौ ने एक्यूआई 300 से ऊपर यानी बहुत खराब कैटेगरी में रिकॉर्ड किया। वहीं 15 ने खराब कैटेगरी में और 14 ने मॉडरेट कैटेगरी में एयर क्वालिटी रिकॉर्ड की। हवा चलने से बुधवार को पॉल्यूशन में कमी आने की उम्मीद है।