श्रीबांकेबिहारी के भक्तों को बड़ी राहत,मंदिर में नई व्यवस्था,होली पर जानें कैसे कर सकेंगे ठाकुर जी के दर्शन  
श्रीबांकेबिहारी के भक्तों को बड़ी राहत,मंदिर में नई व्यवस्था,होली पर जानें कैसे कर सकेंगे ठाकुर जी के दर्शन  

24 Feb 2026 |   25




मथुरा।श्रीबांकेबिहारी के भक्तों के लिए खुशखबरी है।होली पर मंदिर में होने वाले रंगोत्सव के दर्शन भक्तों को घर बैठे श्रीबांकेबिहारी के लाइव दर्शन हो सकेंगे।मंदिर के आसपास घूमने वाले श्रद्धालुओं को तिराहे,चौराहे और द्वारों पर भी ठाकुर जी के लाइव स्ट्रीमिंग तकनीक के जरिए ऑनलाइन दर्शन हो सकेंगे।मंदिर प्रबंधन ने इसकी तैयारी शुरु कर दी है। होली पर ठाकुर जी के दर्शन की नई व्यवस्था शुरू कराने के लिए प्रबंधन द्वारा मंदिर के आसपास एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं।

श्रीबांकेबिहारी हाईपावर्ड प्रबंध कमेटी ने श्रीबांकेबिहारी के लाइव स्ट्रीमिंग के की नई व्यवस्था योजना बनाई 

श्रीबांकेबिहारी हाईपावर्ड प्रबंध कमेटी ने श्रीबांकेबिहारी के लाइव स्ट्रीमिंग के दर्शन की नई व्यवस्था योजना बनाई। इसे लेकर लक्ष्मण शहीद स्मारक स्थित कमेटी के सभागार में कई कंपनियों द्वारा प्रस्तुतीकरण किया गया था।कमेटी ने नोएडा के कार्यदायी संस्था को इस कार्य की जिम्मेदारी दी है। 

श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत ने ये बताया 

श्रीबांकेबिहारी कमेटी के सदस्य एवं मंदिर के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि कार्यदायी संस्था द्वारा ठाकुर जी के ऑनलाइन दर्शन के लिए वेबसाइट तैयार की जा रही है।मंदिर के गेट संख्या एक,गेट संख्या पांच,ठाकुर जी के जगमोहन के ऊपर, गेट तीन की गली में,एक विद्यापीठ चौराहा,जादौन पार्किंग के समीप एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं।इससे मंदिर के आसपास भक्तों को ठाकुर जी के लाइव दर्शन हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि लाइव दर्शन की सभी तैयारी रंगभरनी एकादशी से एक दिन पहले 26 को पूरी हो जाएंगी।दिनेश गोस्वामी ने बताया कि रंगभरनी एकादशी पर भक्त ठाकुर जी के लाइव भी घर बैठे कर सकेंगे। इससे पहले मंदिर में फोटो और वीडियो लेने पर रोक लगाने संबंधी बोर्ड हटा दिए गए हैं। इससे पहले मंदिर प्रबंधन ने ठाकुर जी के फोटो और वीडियो लेने पर रोक लगाने संबंधी बोर्ड मंदिर के अंदर चौक में जगह-जगह लगाए थे।
 
वृंदावन में ट्रैफिक डायवर्जन लागू

रंगभरनी एकादशी पर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में होली को लेकर पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है।श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 26 की रात 8 बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।डायवर्जन प्लान के मुताबिक नगर की ओर आने वाले सभी कॉमर्शियल और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंध रहेगा।यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर को विभिन्न मार्गों पर प्रतिबंध और वैकल्पिक रूट व्यवस्था के तहत संचालित किया जाएगा।

जानें किन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

छटीकरा से वृंदावन आने वाले भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।छटीकरा-वृंदावन मार्ग पर मल्टीलेवल पार्किंग से आगे किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा। कृष्णा विहार गोलचक्कर,पानीघाट तिराहा (यमुना पुल), सुनरख रोड और परिक्रमा मार्ग की ओर जाने वाले मार्गों पर भी भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इसके अलावा पुलिस चौकी क्षेत्र से एनएच-2 और परिक्रमा मार्ग की ओर वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा और गोपाल रेस्टोरेंट व मसानी चौराहे से वृंदावन की ओर भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह रोकी जाएगी। छटीकरा और अन्य क्षेत्रों से यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले व्यावसायिक और भारी वाहन मथुरा ट्रांसपोर्ट चौराहा, गोकुल बैराज मोड़ और लक्ष्मीनगर तिराहा होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं वृंदावन कट से एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को भी मथुरा की ओर निकाला जाएगा।

आपातकालीन सेवाओं को छूट

सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि एंबुलेंस,फायर ब्रिगेड एवं अन्य आकस्मिक सेवाओं से जुड़े वाहन सभी प्रतिबंधों से मुक्त रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित यातायात योजना का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर प्रशासन का सहयोग करें।

More news