आ गया पंखा-AC चलाने का दिन,दिल्ली में अभी से शुरू मार्च वाली गर्मी,देश के कई हिस्सों का बढ़ने लगा तापमान
आ गया पंखा-AC चलाने का दिन,दिल्ली में अभी से शुरू मार्च वाली गर्मी,देश के कई हिस्सों का बढ़ने लगा तापमान

24 Feb 2026 |   21



 

नई दिल्ली।उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में गर्मी अपना असर दिखाने लगी है।तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है।अभी से ही मार्च के अंत जैसी गर्मी महसूस होने लगी है।उत्तर पश्चिम भारत के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है।ऐसे में मौजूदा अधिकतम तापमान जो 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है,उसमें सामान्य से बढ़ोतरी होने पर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।फरवरी बेहद गर्म होने वाली है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक फरवरी का आखिरी हफ्ता बहुत गर्म रहने वाला है।राजस्थान में तापमान 38 डिग्री तक पहुंच सकता है।दिल्ली-एनसीआर में 32 से 34 डिग्री तक तापमान पहुंचने के आसार हैं।बरहाल पहाड़ी इलाकों के लिए अच्छी खबर है।पश्चिम हिमालय क्षेत्र में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं,जिससे हल्की बर्फबारी ऊंचे इलाकों में देखने को मिल सकती है।पहाड़ों के निचले इलाकों में बूंदाबांदी भी हो सकती है।

कश्मीर में फरवरी में तापमान में बढ़ोतरी 

कश्मीर में फरवरी के महीने में तापमान में बढ़ोतरी हो रही है,लेकिन 27 फरवरी और 2 मार्च से सक्रिय होने वाले दो पश्चिमी विक्षोभ से बर्फबारी का दौर एक बार लौट सकता है,लेकिन इसकी तीव्रता इस बार बहुत कमजोर है। 27 फरवरी से 5 मार्च तक जम्मू-कश्मीर,हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में हल्की-फुल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

गर्मी का दिन-रात होगा असर

बात अगर उत्तर पश्चिम भारत और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों की जाए तो अगले 7 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा होने की संभावना जताई गई है।हफ्ते के अंत तक इन इलाकों में तापमान 5 डिग्री तक बढ़ सकता है।सिर्फ दिन ही नहीं,गर्मी का असर रातों में भी देखने को मिल रहा है।

दिल्ली-एनसीआर में शाम को पंखा चलाने की आ गई नौबत 

दिल्ली-एनसीआर में अधिकतर घरों में शाम को अब पंखा चलाने की नौबत आ गई है।मौसम विभाग का पूर्वानुमान भी कह रहा है कि अगले 4 दिनों के दौरान मध्य और पूर्वी भारत में रात के समय भी अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक बदलाव हो सकता है।

More news