नमो भारत कॉरिडोर ने रचा इतिहास,पहली बार पार किया 1 लाख पैसेंजर्स का आंकड़ा
नमो भारत कॉरिडोर ने रचा इतिहास,पहली बार पार किया 1 लाख पैसेंजर्स का आंकड़ा

24 Feb 2026 |   21



 

नई दिल्ली।नमो भारत कॉरिडोर ने इतिहास रच दिया है।
नमो काॅरिडोर और मेरठ मेट्रो के पूरे खंड के खुलने के बाद यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। 23 फरवरी को एक ही दिन में रिकॉर्ड 1 लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया।मेरठ का बेगमपुल स्टेशन सबसे व्यस्त रहा।आनंद विहार और गाज़ियाबाद में भी यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नए खंडों के उद्घाटन के बाद सराय काले खां से मोदीपुरम तक पूरी सेवा शुरू हो गई है।ऑफिस जाने वालों और छात्रों के साथ परिवारों ने भी इस हाई-स्पीड और आरामदायक ट्रेन में सफर कर आनंद लिया।

बेगमपुल सबसे व्यस्त स्टेशन

बेगमपुल नमो कॉरिडोर का सबसे व्यस्त स्टेशन रहा।यहां यात्रियों की सबसे ज्यादा संख्या रही।आनंद विहार और गाजियाबाद भी व्यस्त स्टेशन रहे।इस तरह पूरे कॉरिडोर पर 1 लाख से ज्यादा यात्री देखे गए।यह इस कॉरिडोर पर एक दिन में रिकॉर्ड की गई अब तक की सबसे अधिक राइडरशिप है। अब तक कॉरिडोर पर दैनिक औसत राइडरशिप लगभग 60 हजार ही दर्ज की जा रही थी। ताजा आंकड़ा उसमें 70 फीसदी की बढ़ोतरी बता रहा है।

बेगमपुल पसंदीदा मोबिलिटी हब

23 फरवरी को सोमवार होने से समूचे नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई।मेरठ के सेंटर में मौजूद बेगमपुल स्टेशन कॉरिडोर के सबसे बड़े स्टेशनों में रहा। चूंकि इसकी लोकेशन मेरठ के सेंट्रल मार्केट और बिजनेस डिस्ट्रिक्ट के ठीक बीच में है और यह नमो भारत और मेरठ मेट्रो दोनों सेवाएं प्रदान करता है,जिससे यह पसंदीदा मोबिलिटी हब में बदल गया है।

दूसरा सबसे व्यस्त स्टेशन रहा आनंद विहार

आनंद विहार स्टेशन ने दूसरी सबसे अधिक राइडरशिप रिकॉर्ड।यह स्टेशन आनंद विहार रेलवे स्टेशन,दिल्ली मेट्रो की पिंक और ब्लू लाइन,स्वामी विवेकानंद आईएसबीटी,कौशांबी स्थित यूपीएसआरटीसी बस स्टैंड और सिटी बस स्टैंड के साथ कनेक्टिविटी प्रदान करता है,इसलिए इस स्टेशन पर यात्रियों की संख्या काफी अधिक रही।यह स्टेशन दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन के शहीद स्थल स्टेशन से एक फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के जरिए कनेक्टिविटी प्रदान करता है।

सराय काले खां,शताब्दी नगर और मोदीपुरम पर भी भीड़

सराय काले खां,शताब्दी नगर और मोदीपुरम जैसे नए स्टेशनों पर भी अच्छी राइडरशिप दर्ज की गई। न्यू अशोक नगर स्टेशन,जो पहले से ही चालू था,वहां भी भारी भीड़ देखी गई। यात्रियों की भारी भीड़ दिखाती है कि लोग इस सेवा के शुरू होने के साथ ही इसे तेजी से अपनाने लगे हैं। कई परिवार और युवा इस नई सेवा का अनुभव करने के लिए ट्रेन में घूमते नजर आए। लोगों ने ग्रुप फोटो खिंचाई और कम समय में आरामदायक यात्रा का आनंद लिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म नमो भारत की रील्स और सेल्फी से भरे देखे जा रहे हैं।

More news