प्याज की बोरियों नीचे मिला शराब का जखीरा,पुलिस ने पकड़ी 50 लाख की शराब,दो तस्कर गिरफ्तार,बिहार में होली पर खपाने की थी तैयारी  
प्याज की बोरियों नीचे मिला शराब का जखीरा,पुलिस ने पकड़ी 50 लाख की शराब,दो तस्कर गिरफ्तार,बिहार में होली पर खपाने की थी तैयारी  

26 Feb 2026 |   30




चंदौली।उत्तर प्रदेश के चंदौली में पुलिस और एसओजी टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर गुरुवार को माजावर स्टेशन के पास यूपी-बिहार बार्डर पर राजस्थान नंबर की ट्रक से शराब का जखीरा पकड़ा है।हरियाणा के दो तस्कर मध्य प्रदेश के ग्वालियर से ये शराब लेकर बिहार जा रहे थे।तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए शराब की पेटियों को प्याज की बोरियों के पीछे छुपा रखा था।ट्रक ड्राइवर समेत उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत जेल भेज दिया।

प्याज की बोरियों के बीच मिला शराब का जखीरा

होली का त्यौहार नजदीक आते ही बिहार में शराब की तस्करी तेज हो गई है।चंदौली कोतवाली पुलिस को चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक मिला,जिसमें ऊपर से प्याज लदा दिखाई दे रहा था।जब पुलिस ने बोरियों को हटाकर जांच की तो उसके पीछे भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां मिलीं।ये शराब लगभग 3800 लीटर है।तस्करों ने इसे बेहद शातिर तरीके से पैक किया था ताकि किसी को दुर्गंध या शक न हो।

ग्वालियर से बिहार जा रही थी 50 लाख की शराब 

जानकारी के मुताबिक पकड़ी गई शराब मध्य प्रदेश के ग्वालियर से बिहार जा रही थी।बिहार में शराबबंदी होने से वहां मंहगे दामों पर शराब बेचने की योजना थी। पकड़ी गई शराब की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।गिरफ्तार तस्कर मुबारक खां और चुन्ना हरियाणा के रहने वाले हैं,ये लंबे समय से इस अवैध कारोबार में शामिल हो सकते हैं।पुलिस अब इनके नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

होली को लेकर यूपी-बिहार बॉर्डर पर अलर्ट

बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर शराब तस्कर अक्सर त्यौहारों के सीजन में तस्करी बढ़ा देते हैं।चंदौली सदर क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि होली को देखते हुए पुलिस और एसओजी की टीम लगातार सीमाओं पर चौकसी बरत रही है।इसी सतर्कता के चलते माजावर स्टेशन के पास इस ट्रक को पकड़ने में सफलता मिली।बॉर्डर पर अन्य वाहनों की भी सघन तलाशी ली जा रही है ताकि अवैध शराब की सप्लाई को पूरी तरह से रोका जा सके।

More news