एक्सईएन,एसडीओ और जेई समेत 4 पर गिरी गाज,एमडी ने किया निलंबित
एक्सईएन,एसडीओ और जेई समेत 4 पर गिरी गाज,एमडी ने किया निलंबित

02 Mar 2026 |   27



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ।सूबे की राजधानी लखनऊ में कल्याणपुर बिजली उपकेंद्र के कंचना बिहारी मार्ग पर संविदाकर्मी परशुराम की मौत के मामले में एक्सईएन प्रीतम सिंह,एई अमितेष कुमार, जेई धर्मेन्द्र कुमार और एक टीजी-2 कर्मचारी रामधीरज पर गाज गिरी है।मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी केजरीवाल ने इनको निलंबित कर दिया है।एक्सईएन और एसडीओ को बरेली के प्रथम जोन में संबंद्ध किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक कल्याणपुर उपकेंद्र की 33 केवी लाइन 132 केवी इंदिरानगर ट्रांसमिशन से 26 फरवरी को ब्रेकडाउन हो गई।इसके बाद कर्मचारियों द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर खुर्रमनगर ट्रांसमिशन से आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। 27 फरवरी को जूनियर इंजीनियर धर्मेंद्र कुमार ने फाल्ट वाली जगह की पहचान की,लेकिन भारी ट्रैफिक की वजह से मरम्मत का काम टाल दिया गया। शनिवार रात लगभग 1:30 बजे,जब जेई ने टीजी-2 कर्मचारी धीरज रावत और 48 वर्षीय संविदाकर्मी परशुराम को फाल्ट ठीक करने के लिए भेजा। इस दौरान सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी की गई। परशुराम जैसे ही सीढ़ी के सहारे पोल पर चढ़े, अचानक हाईटेंशन लाइन में तेज धमाका हुआ और गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़े। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जांच रिपोर्ट में लापरवाही मिलने पर हुई कार्रवाई

हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग के खिलाफ हंगामा किया।मध्यांचल एमडी रिया केजरीवाल ने जांच के आदेश दिए।रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि यह दुर्घटना पूरी तरह से विद्युत सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुई, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

एमडी ने ये बताया 

मध्यांचल एमडी रिया केजरीवाल ने बताया कि सुरक्षा मानकों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। यह कार्रवाई अनुशासन,जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के लिए की गई है। प्रकरण की जांच के लिए एक कमेटी भी गठित की गई है।

जेई-टीजी-2 को अधीक्षण अभियंता (वाणिज्य) संबंद्ध

निलंबन के साथ-साथ इन अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है।अधिशासी अभियंता प्रीतम सिंह और सहायक अभियंता अमितेष कुमार को बरेली जोन (मुख्य अभियंता वितरण बरेली क्षेत्र-प्रथम) से संबंद्ध किया गया है। जूनियर इंजीनियर धर्मेंद्र कुमार और टीजी-2 कर्मचारी रामधीरज को अधीक्षण अभियंता (वाणिज्य) गोमतीनगर क्षेत्र से अटैच किया गया है। 

इन अभियंताओं को मिली जिम्मेदारी

एक्सईएन अभय प्रताप सिंह को 33 केवी अधिशासी अभियंता,एसडीओ अंकित कुमार को 33 केवी सहायक अभियंता और जूनियर इंजीनियर जयेन्द्र कुमार को 33 केवी अवर अभियंता गोमतीनगर क्षेत्र जिम्मेदारी दी गई है।

लखनऊ में दो हफ्ते में छह संविदाकर्मी हुए चोटिल

लखनऊ में पिछले दो सप्ताह में छह संविदा कर्मचारी बिजली की चपेट में आकर गंभीर तरह झुलस चुके हैं।इसमें शनिवार को संविदाकर्मी परशुराम की मौत भी हो गई। सभी हादसों में एक ही तरह की लापरवाही सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि बिना किसी सुरक्षा उपकरण के उन्हें बिजली के खंभों पर चढ़ने के लिए मजबूर किया गया। न तो उनके पास दस्ताने थे और न ही सुरक्षा बेल्ट।

More news