लखनऊ।मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने दुनिया भर में ऊर्जा संकट की आहट दे दी है।ईरान,इजरायल और अमेरिका के बीच जारी जंग का असर वैश्विक तेल और गैस सप्लाई चेन पर पड़ता हुआ दिख रहा है।उत्तर प्रदेश के कई जिलों में एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की किल्लत की शिकायतें सामने आ रही हैं।समय पर लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, कुछ जगहों पर पेट्रोल पंपों पर भी ईंधन की कमी की खबरें आ रही हैं।इन शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्शन में आ गए हैं। सीएम ने पूरे यूपी में जांच और निरीक्षण के आदेश दिए हैं।
पेट्रोल पंप पर जांच के लिए पहुंची अधिकारियों की टीम
सीएम योगी के निर्देश के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने कई जिलों में फील्ड पर उतरकर कार्रवाई शुरू कर दी है।खासतौर पर नोएडा,लखनऊ,कानपुर और प्रयागराज सहित अन्य जिलों में जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें पेट्रोल पंपों,गैस गोदामों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रही हैं।
स्टॉक रजिस्टर और सप्लाई रिकॉर्ड की भी जांच
अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि कहीं जानबूझकर गैस या पेट्रोल-डीजल की कमी तो नहीं बनाई जा रही है।कई स्थानों पर स्टॉक रजिस्टर,सप्लाई रिकॉर्ड और वितरण व्यवस्था की भी जांच की जा रही है,इसके साथ ही अधिकारी यह भी निरीक्षण कर रहे हैं कि ग्राहकों को निर्धारित दरों पर और समय पर गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल मिल रहा है या नहीं।
गड़बड़ी पाए जाने पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अगर कहीं गड़बड़ी या जमाखोरी की शिकायत मिलती है,तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों का कहना है कि आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। बता दें कि सीएम योगी के इस सख्त रूख से उम्मीद जताई जा रही है कि यूपी में एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति जल्द ही सामान्य हो जाएगी और लोगों को राहत मिलेगी।
जानें बरेली में क्या है हालात
बरेली में ब्लैक सिलेंडर खरीदने के लिए लोगों की मारामारी हो रही है।लगातार ब्लैक सिलेंडर के लिए 200 से 500 रुपए तक लोग ले रहे हैं।साथ ही साथ ब्लैक में सिलेंडर लेने के लिए जान-पहचान का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।पीलीभीत में ब्लैक में सिलेंडर के 100 से 200 रुपए अधिक लिए जा रहे हैं।
मेरठ में पर्ची को ज्यादातर अहमियत
मेरठ में ऑनलाइन बुकिंग की जगह अब पर्ची को ज्यादातर अहमियत दी जा रही है।ब्लैक में भी आसानी से सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं,जहां कुछ जगह ब्लैक में सिलेंडर मिल रहे हैं, उनकी कीमत 1400 रुपए से अधिक हो गई है।हालांकि अभी तक के हालात में जिन लोगों के पास पर्ची है,उन्हें सामान्य रूप से सिलेंडर मिल पा रहे हैं।
जानें मिर्जापुर और गाजियाबाद में क्या है हालात
मिर्ज़ापुर में सिलेंडर 1300 रुपये में मिल रहा है।हालांकि जिनकी बुकिंग है,वो सामान्य दर पर ले रहे हैं।गाजियाबाद में सिलेंडर के दाम से 100 रुपए ऊपर लिए जा रहे हैं।कई जगह और कामर्शियल सिलेंडर पर भी कुछ जगह एक्स्ट्रा पैसे देने की बात सामने आ रही है।
गोरखपुर में अधिक दाम पर मिल रहे सिलेंडर
गोरखपुर में सिलेंडर ब्लैक में खरीदने पर 250 से 300 रुपये अधिक देने पड़ रहे हैं।बुकिंग करने के बाद सीओडी कोड नंबर जो एक दिन में ही आ जाता था,वह भी अभी तक नहीं आया है।सीओडी कोड न आने से सिलेंडर मिलने में भी लोगों को दिक्कत हो रही है।
लखीमपुर खीरी में गैस की कालाबाजारी
लखीमपुर खीरी में भारत गैस एजेंसी में ब्लैक का खेल चल रहा है।भारत गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर कामर्शियल सिलेंडर की जमकर कालाबाजारी का आरोप है,जहां सिलेंडर की एमआरपी 1777 रुपए है,वहीं ग्राहकों से 2200 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।जिले में गैस की किल्लत की अफवाहों को लेकर जिला पूर्ति अधिकारी ने वीडियो जारी कर अपील की है।उन्होंने कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की गैस की कीमत नहीं बढ़ी है।यदि कालाबाजारी करते कोई भी पाया गया,तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
कानपुर में नहीं आ रहा कन्फर्मेशन मैसेज
कानपुर में भी मोबाइल फोन से जो सिलेंडर बुकिंग का सिस्टम था,वह कन्फर्मेशन मैसेज लोगों के पास नहीं आ रहा है,जिससे उनको एजेंसी जाना पड़ रहा है।ब्लैक में सिलेंडर की बात की जाए तो घरेलू सिलेंडर 200 से 250 रुपए महंगा मिल रहा है। कामर्शियल सिलेंडर 400 से 500 रुपए तक महंगा मिल रहा है।
वाराणसी और अयोध्या में ब्लैक बिक्री
वाराणसी में घरेलू गैस 200 रुपये प्रति सिलेंडर पर लोगों को ब्लैक में मिल रहा है,वहीं कामर्शियल सिलेंडर के लिए 300 रुपये तक एक्स्ट्रा देना पड़ रहा है।अयोध्या में घरेलू गैस 200 रुपये प्रति सिलेंडर पर लोगों को ब्लैक में मिल रहा है और कामर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहा है।