2027 विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने चला बड़ा दाव,बच्चों को 12वीं तक फ्री पढ़ाई,पत्रकारों को कैशलेस इलाज
2027 विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने चला बड़ा दाव,बच्चों को 12वीं तक फ्री पढ़ाई,पत्रकारों को कैशलेस इलाज

29 Jun 2026 |   17



 

प्रयागराज।संगम नगरी में आयोजित विजन इंडिया कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कई बड़े चुनावी वादे किए।अखिलेश यादव ने शिक्षा, रोजगार,कानून व्यवस्था और नई शिक्षा नीति को लेकर बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा।अखिलेश ने दावा किया कि सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी शिक्षा,रोजगार और पत्रकारों के हित में बड़े फैसले लेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि कार्यक्रम में देश की शिक्षा व्यवस्था,रोजगार,युवाओं के कौशल विकास और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।नई शिक्षा नीति को खामियों से भरी बताते हुए अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इसमें बदलाव किए जाएंगे।

अखिलेश यादव ने घोषणा की कि पहली से 12वीं तक सभी बच्चों को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी,केजी से पीजी तक बेटियों की पढ़ाई पूरी तरह निशुल्क होगी।अखिलेश ने कहा कि सभी के लिए समान शिक्षा व्यवस्था और एक जैसी किताबें लागू की जाएंगी।साथ ही निजी क्षेत्र में भी आरक्षण लागू करने की जरूरत बताई।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं,जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।अखिलेश ने कहा कि बजट की कमी के कारण सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं और शिक्षा व्यवस्था कमजोर होती जा रही है।सपा सरकार बनने पर रोजगार और निवेश बढ़ाने के लिए काम करने का दावा किया।

कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में लोगों को न्याय नहीं मिल रहा और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।अखिलेश ने वन नेशन-वन इलेक्शन, डीलिमिटेशन, भ्रष्टाचार और चुनावी चंदे जैसे मुद्दों पर भी बीजेपी पर सवाल उठाए।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पत्रकारों के लिए कैशलेस इलाज,सम्मान और सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी। अखिलेश ने शंकरगढ़ के लखनपुर गांव में पेयजल की समस्या को भी प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का वादा किया। अखिलेश ने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले समय में इसका असर चुनाव में दिखाई देगा।

More news