ओपी राजभर ने शिवपाल यादव को दी नसीहत,कहा- डॉट डॉट डॉट वाली भाषा आपको शोभा नहीं देती
ओपी राजभर ने शिवपाल यादव को दी नसीहत,कहा- डॉट डॉट डॉट वाली भाषा आपको शोभा नहीं देती

06 Jul 2026 |   35



 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश की सियासत में नेताओं की जुबानी जंग तेज हो गई है।कैबिनेट मंत्री सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने अब समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव पर तीखा निशाना साधा है। राजभर ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए शिवपाल यादव को सपा में उनके हुए अपमान की याद दिलाई और चुटकी लेते हुए उन्हें अपने साथ आने का बड़ा ऑफर दे दिया।

राजभर ने सपा में हुए अपमान की दिलाई याद

ओपी राजभर ने शिवपाल सिंह यादव पर तंज कसते हुए कहा कि माननीय शिवपाल जी उम्मीद है आप स्वस्थ होंगे।सुना है आजकल आप डॉट डॉट डॉट वाली भाषा बोल रहे हैं। राजभर ने सवाल पूछा कि जब आपको अपमानित करके समाजवादी पार्टी से बाहर निकाला गया था तब आपने अपने परिवार वालों को क्या कहा था,इतना वरिष्ठ होने के बावजूद आपको ना तो प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया और ना ही नेता प्रतिपक्ष,तब क्या आपने विरोध नहीं किया था,राजभर ने कटाक्ष करते हुए कहा कि आपने विरोध तो जरूर किया होगा,लेकिन वहां बोलने की आजादी ही कहां है।

हमारे साथ आइए,पूरा सम्मान मिलेगा

शिवपाल सिंह यादव की उम्र और उनके राजनीतिक तजुर्बे का जिक्र करते हुए ओपी राजभर ने कहा कि आप एक वरिष्ठ नेता हैं,इस उम्र में आप इतना अपमान कैसे सहते होंगे।राजभर ने शिवपाल को खुला निमंत्रण देते हुए कहा कि महाराज‌ हमारे साथ आइए,यहां आपको पद भी मिलेगा और पूरा सम्मान भी। राजभर ने यह भी दावा किया कि शिवपाल लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के साथ जाने की कोशिश कर रहे थे,लेकिन ऐसा हो नहीं पाया।

आज रात में कीजिएगा कॉल

ओपी राजभर ने चुटकी लेते हुए कि आज रात को कॉल कीजिएगा तो मैं आपको पूरा ऑफर बता दूंगा।दिन में कॉल मत कीजिएगा,क्योंकि दिन में हम पिछड़े, दलितों और शोषितों के बीच रहकर उनकी आवाज सुनते हैं और उनके लिए काम करते हैं।रात को तसल्ली से बात करेंगे और जिस सम्मान के लिए आप सालों से तरस रहे हैं वह आपको अपने साथ लाकर जरूर दिलाएंगे।अंत में राजभर ने नसीहत देते हुए कहा कि आप एक सम्माननीय व्यक्ति हैं और आपको यह डॉट डॉट वाली भाषा बिल्कुल शोभा नहीं देती।

More news