यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025: लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी, 76,184 अभ्यर्थी सफल,DV और PST की प्रक्रिया 17 अगस्त से
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025: लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी, 76,184 अभ्यर्थी सफल,DV और PST की प्रक्रिया 17 अगस्त से

31 Jul 2026 |   46



 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। लिखित परीक्षा में 76,184 अभ्यर्थी सफल हुए हैं,सफल अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर अपना परिणाम देख सकते हैं। परिणाम देखने के लिए अभ्यर्थियों को uppbpb.gov.in या https://upcons2025.com/upcondiad2025/loginpage.aspx पर जाना होगा।

भर्ती बोर्ड के मुताबिक लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन (DV) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) की प्रक्रिया 17 अगस्त 2026 से शुरू करने का प्रस्ताव है,इसके बाद DV/PST में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) सितंबर माह में आयोजित की जाएगी।

बोर्ड के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया पूरी होने और अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद अभ्यर्थियों के सामान्यीकृत अंक भी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे,इसकी तिथि और प्रक्रिया की सूचना अलग से जारी की जाएगी।भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भर्ती से जुड़ी सभी जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें और किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें।

बता दें कि यूपी पुलिस कांस्टेबल की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को कुल छह अलग-अलग शिफ्टों में कराई गई थी।परीक्षा खत्म होने के बाद उत्तर कुंजी पर उम्मीदवारों से आपत्तियां मांगी गई थीं।सभी आपत्तियों की बारीकी से जांच के बाद फाइनल आंसर सीट बनाई गई,उसी के आधार पर यह रिजल्ट जारी किया गया है,चूंकि परीक्षा कई पालियों में आयोजित की गई थी,इसलिए अंकों का नॉर्मलाइजेशन भी किया गया है।

More news