वीके मल्होत्रा के निधन पर दिल्ली में एक दिन का राजकीय शोक,सीएम रेखा के सरकारी कार्यक्रम स्थगित
वीके मल्होत्रा के निधन पर दिल्ली में एक दिन का राजकीय शोक,सीएम रेखा के सरकारी कार्यक्रम स्थगित

30 Sep 2025 |   45



 

नई दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वे 94 साल के थे। उनका जन्म 3 दिसंबर 1931 को लाहौर शहर में हुआ था। वीके मल्होत्रा दिल्ली के पूर्व मुख्य कार्यकारी पार्षद और सांसद रह चुके हैं। कुछ दिनों से वह एम्स में भर्ती थे। जहां उनका इलाज चल रहा था और आज सुबह लगभग 6 बजे उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रोफेसर विजय मल्होत्रा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।सीएम रेखा ने एक दिन (बुधवार) के राजकीय शोक की घोषणा की है।सीएम रेखा ने कहा कि प्रो. मल्होत्रा का निधन अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। सीएम रेखा ने अपने सभी सरकारी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार की ओर प्रो.मल्होत्रा का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा।सीएम रेखा ने आज उनके निवास पर जाकर वीके मल्होत्रा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका निधन अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। 

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि वह दिल्ली के सांसद व विधायक भी रहे। मल्होत्रा भारतीय जनसंघ और भाजपा की प्रथम पंक्ति के योद्धा थे।उन्होंने न केवल दिल्ली की राजनीति को दिशा दी, बल्कि एक सच्चे जनसेवक के रूप में जनसेवा के नए मानक स्थापित किए।दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन की नींव को मजबूत किया और असंख्य कार्यकर्ताओं को सेवा, अनुशासन और समर्पण का मार्ग दिखाया।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि वीके मल्होत्रा का जीवन राष्ट्रनिष्ठा, संगठन कौशल और सादगी का जीता-जागता उदाहरण रहा।वह हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए पितृ-तुल्य मार्गदर्शक थे,उनका निःस्वार्थ और समर्पित जीवन हमेशा हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। सीएम रेखा ने कहा कि उनका जाना न केवल भाजपा परिवार के लिए, बल्कि दिल्ली के सामाजिक और राजनीतिक जीवन के लिए भी एक गहरी शून्यता छोड़ गया है।

More news