नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को प्रदूषण से मुक्त करने के लिए रेखा गुप्ता सरकार लगातार अलग-अलग कदम उठा रही है।इसी कड़ी में दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों की भी खूब बढ़ावा दिया जा रहा है।लोग तो इलेक्ट्रिक वाहनों की तरफ शिफ्ट हो ही रहे हैं और उनके साथ ही साथ रेखा सरकार भी इलेक्ट्रिक बसों की तरफ तेजी से बढ़ रही है। दिल्ली की सड़कों पर चलने वाली डीटीसी बसों में अधिकतर बसें इलेक्ट्रिक नजर आएंगी और शुक्रवार को भी 300 नई बसों को डीटीसी के बेड़े में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इंद्रप्रस्थ बस डिपो से 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर उन्हें जनता को समर्पित कर दिया।
सीएम रेखा ने ये बताया
राजधानी दिल्ली के लिए 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि पिछले एक साल में 2 हजार से भी ज्यादा EV बसों को डीटीसी बेड़े में शामिल किया गया है।हमारी सरकार सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह उत्सर्जन-मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।सरकार का लक्ष्य सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त बनाना है। इसके लिए डीटीसी के पूरे बेड़े को इलेक्ट्रिक वाहनों पर स्विच किया जाएगा।बता दें कि इस अवसर पर नानकसर–गाजियाबाद के बीच नई अंतरराज्यीय बस सेवा की शुरुआत की गई और डीटीसी के नए कार्यालय भवन का शिलान्यास भी किया गया।
EV प्रोत्साहन पोर्टल फिर से शुरू
बता दें कि साल 2023 में जो EV प्रोत्साहन पोर्टल को बंद कर दिया गया था, शुक्रवार को उसे फिर से शुरू किया गया है। इसके तहत 12 हजार 877 लाभार्थियों को 24 करोड़ रुपए की लंबित सब्सिडी डीबीटी के माध्यम से प्रदान की गई।इस अवसर पर कैबिनेट सहयोगी डॉ. पंकज कुमार सिंह, विधायक तरविंदर सिंह मारवाह सहित अन्य कई लोग भी उपस्थित रहे।