ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ।उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने रामनवमी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और आस्था का सम्मान करते हुए बड़ा फैसला लिया है।यूपी में अब 26 मार्च के साथ-साथ 27 मार्च को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।मंदिरों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
हर साल रामनवमी पर्व पर बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए मंदिरों में पहुंचते हैं,जिससे व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।अयोध्या समेत यूपी के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से योगी सरकार ने लगातार दो दिन के अवकाश का निर्णय लिया है।इस फैसले से लाखों रामभक्तों को दर्शन-पूजन में सुगमता होगी और प्रशासन को भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस निर्णय के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया है कि सरकार आस्था और परंपराओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।प्रशासन को भी निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। लगातार दो दिन की छुट्टी से श्रद्धालुओं को न केवल धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने का अवसर मिलेगा, बल्कि यात्रा और दर्शन भी अधिक सहज हो सकेंगे।आस्था के इस महापर्व पर योगी सरकार का यह निर्णय प्रदेशवासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।