ब्यूरो सुनील कुमार पाण्डेय
अयोध्या।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे।सीएम ने रुदौली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में 378 करोड़ रुपये से अधिक की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।सीएम ने जनसभा को संबोधित किया।राम मंदिर में चढ़ावा की चोरी की खबरों और एसआईटी जांच पर बीच पहली बार सीएम ने इस बार बोला है। सीएम ने लोगों से कहा कि आपने राम मंदिर के लिए 500 सालों तक इंतजार किया है। 15 दिन और इंतजार कर लीजिए।ट्रस्ट के कहने पर एसआईटी का गठन किया गया है। एसआईटी दूध का दूध पानी का पानी करेगी।कोई अपराधी होगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।सीएम योगी ने 15 दिनों तक किसी तरह की बयानबाजी नहीं करने की अपील की और कहा कि अयोध्या को बदनाम करने वालों के बहकावे में न आएं।
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या के बारे में जो समाचार पत्रों में देखने सुनने को मिला,उसके बाद ट्रस्ट के कहने पर हमने एसआईटी जांच बैठाई है।जब तक जांच हो रही है कोई भी ऐसी अनर्गल बात न हो जो राम भक्तों की भावना को आहत करती हो।किसी के पास इससे संबंधित दस्तावेजी सबूत हों तो एसआईटी को दे दे,वह जांच करेगी।सीएम ने कहा कि प्रभु श्रीराम ने मर्यादा का पालन करने की प्रेरणा दी है,ऐसे में सभी को मर्यादा का पालन करना चाहिए।सीएम ने कहा कि जांच के बीच बयानबाजी जांच प्रभावित करती है।जांच के बाद किसी को कोई बात कहनी होगी तो एसआईटी से कह सकते हैं।
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या और श्रीराम जन्मभूमि को बदनाम करने वालों के बहकावे में न आएं।सपा मुखिया अखिलेश यादव पर हमला करते हुए सीएम ने कहा कि राम भक्तों और जयश्रीराम का नारा लगाने पर लाठी-गोली चलाने वाले आज उपदेश देने चले हैं।यह लोग नहीं चाहेंगे कि अयोध्या को सम्मान मिले,यह लोग अयोध्या को बदनाम करना चाहते हैं,अयोध्या और यहां के लोगों को अपमानित करते हैं। हम इनके बहकावे में कत्तई न आएं। इन लोगों का आचरण पहले से ही सभी के सामने है।
सीएम योगी ने कहा कि जो लोग रामभक्तों को अपमानित करते थे,अपराधियों के कब्र पर जाकर फातिया पढ़ते थे,जिन लोगों ने अब तक राम जन्मभूमि में दर्शन नहीं किया,अपने विधायकों को भी जाने से रोका,वह लोग बाबर को मानने वाले लोग हैं। सीएम ने कहा कि उनके ही विधायक मनोज पांडेय ने जब सभी विधायकों को अयोध्या लाने की बात कही तो उन्हें अखिलेश यादव ने फटकार दिया था।मनोज पांडेय को धुतकार कर भगा दिया था। आज मनोज पांडेय हमारी सरकार में मंत्री हैं।
सीएम योगी ने कहा कि यह लोग (अखिलेश) कभी अयोध्या नहीं आए और अयोध्या को बदनाम करने के लिए क्या-क्या कर रहे हैं,इसे देखते रहिए,उन लोगों की सोच कब्रिस्तान और कब्रिस्तान की बाउंड्री बनाने तक ही सीमित रही है। हम लोग अयोध्या के विकास में लगे हैं।आज एक ही विधानसभा में 126 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हो रहा है।
कांग्रेस पर हमला करते हुए सीएम योगी ने कहा कि वह लोग दोगले चरित्र के लोग हैं,उन लोगों ने अयोध्या में राम मंदिर न बनने पाए,इसके लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया था। अयोध्या की पहचान का संकट खड़ा किया था।आज कांग्रेस बोल रही है कि राम भक्तों का अपमान हो गया,जब कांग्रेस कहती थी कि राम है ही नहीं, तब अपमान नहीं होता था। सीएम ने कहा कि श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल खड़ा करने वाली कांग्रेस आज राम भक्तों के नाम पर मचल रही है। इसके बहकावे में नहीं आना है।