अयोध्या।राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर समाजवादी पार्टी लगातार भारतीय जनता पार्टी हमला बोल रही है,लेकिन अचानक सपा पर पलटवार शुरू हो गया है।यूपी के मथुरा, अयोध्या और बाराबंकी में सपा मुखिया अखिलेश यादव और दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के खिलाफ विवादित पोस्टर लगाए गए हैं।इस पोस्टर वार ने प्रदेश की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया है।
प्रशासन ने अयोध्या से हटाए पोस्टर
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों के जवाब में रामनगरी अयोध्या में भी पोस्टर ज़ंग देखने को मिली।सपा मुखिया अखिलेश यादव के बयानों को निशाना बनाते हुए मुख्य मार्गों पर पोस्टर लगाए गए थे।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाई और कई जगहों पर पोस्टरों को ढक दिया गया है,इससे पोस्टर आधे-अधूरे नजर आ रहे हैं.।वहीं कई जगहों से अधिकतर पोस्टरों को हटवा दिए गए हैं,हालांकि टेढ़ी बाजार ओवरब्रिज के पास अभी भी कुछ पोस्टर दिख रहे हैं।
दिल में बाबर,मुंह में राम’ के लगे पोस्टर
भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में गोवर्धन रोड पर जगह-जगह सपा के खिलाफ पोस्टर चस्पा किए गए हैं।इन पोस्टरों में सपा मुखिया अखिलेश यादव,रामगोपाल यादव और शिवपाल सिंह यादव की तस्वीरें लगाई गई हैं। पोस्टर पर लिखा गया है कि दिल में बाबर,मुंह में राम।वहीं एक अन्य पोस्टर में मुलायम सरकार की असलियत शीर्षक के साथ लिखा गया है,अयोध्या हनुमानगढ़ी पर कराई गई नमाज,तब सपाइयों को नहीं आई कोई लाज,इन पोस्टरों के सामने आने के बाद स्थानीय सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में गुस्सा है।
बाराबंकी में भी पोस्टर वार
बाराबंकी में भी कई जगह पर सपा के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं।बाराबंकी शहर के पल्हरी चौराहे पर भी ठीक मथुरा की तर्ज पर सपा मुखिया अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं।इन पोस्टरों में हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़ाए जाने के दावे को लेकर सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा गया है।