अयोध्या।रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव 2026 को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं।इस बार दीपोत्सव में रामनगरी का आसमान सैकड़ों अत्याधुनिक ड्रोन की रोशनी से जगमग होगा।ड्रोन से आसमान में प्रभु श्रीराम और रामायण से जुड़ी भव्य आकृतियां उकेरी जाएंगी।
राम की पैड़ी और सरयू नदी तट के आसपास 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। 2025 के दीपोत्सव में 26 लाख 17 हजार 215 दीप जलने का रिकार्ड बना था। सरयू तट पर 2128 वेदाचार्यो ने सामूहिक रूप से आरती कर रिकार्ड बनाया था। इस बार रामनगरी अयोध्या इन दोनों रिकार्ड को तोड़ने के लिए कमर कस चुकी है।
दीपोत्सव के दौरान दीपों की रोशनी से नहाने वाली रामनगरी अयोध्या इस बार रामायण की थीम पर तैयार कलात्मक सजावट और आकर्षक आकृतियों से श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी।रामनगरी के प्रमुख चौराहों,प्रवेश मार्गों, रामकथा पार्क,राम की पैड़ी और सरयू नदी के तट पर रामायण के प्रसंगों को अलग-अलग रूपों में सजाया जाएगा।दीपोत्सव के मुख्य आयोजन सात नवंबर को होने वाले ड्रोन शो के साथ आठ नवंबर को भी दर्शकों को आसमान में रोशनी का यह अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा।
सरयू तट से लेकर राम की पैड़ी तक दीपों की कतारें रामनगरी को अलौकिक स्वरूप देंगी। इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण होगी। इस बार दीपों की रोशनी के साथ आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।सैकड़ों ड्रोन से आसमान में रामायण के प्रसंगों और प्रभु श्रीराम से जुड़ी आकृतियों को जीवंत करने की तैयारी है। ड्रोन शो को दो दिन आयोजित करने की योजना से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को इस भव्य आयोजन को देखने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।
दीपोत्सव अब केवल दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित नहीं है, बल्कि रामनगरी अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का माध्यम है।लाखों दीपों की जगमगाहट,रामायण आधारित झांकियां और ड्रोन से बनने वाली आकृतियां इस आयोजन को बेहतरीन स्वरूप देंगी।
दीपोत्सव के दौरान सरयू तट पर भव्य सामूहिक सरयू आरती, 3डी लेजर शो और म्यूजिकल ग्रीन आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र बनने की तैयारी में हैं। रामायण की थीम पर आधारित झांकियां और विशेष सजावट आयोजन की भव्यता को और बढ़ाएंगी।
रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर 10-10 आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे।प्रत्येक इंस्टॉलेशन की थीम,डिजाइन और निर्माण शैली अलग होगी,इनमें रामनगरी और दीपोत्सव की झलक कलात्मक अंदाज में दिखाई जाएगी।त्रि-आयामी कलाकृतियों के जरिए आयोजन स्थलों की खूबसूरती बढ़ाने के साथ आगंतुकों के अनुभव को भी खास बनाने की तैयारी है।लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी मार्ग तक भी विभिन्न आर्ट इंस्टालेशन तैयार किए जाएंगे।
दीपोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए रामकथा पार्क के स्थायी मंच को नए कलेवर में सजाया जाएगा।मंच पर ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था,एलईडी स्क्रीन और थीम आधारित रंगीन कपड़ों का इस्तेमाल होगा।दोनों ओर सीढ़ियां,पुष्प सज्जा, रंगोली और पर्दों के साथ मंच पर बैठने की व्यवस्था की जाएगी।रामकथा पार्क के प्रवेश और निकास पर सजावटी द्वार बनाए जाएंगे,इनकी डिजाइन भारतीय संस्कृति, पारंपरिक प्रतीकों और रामायण के प्रसंगों पर आधारित होगी।
बता दें कि इस बार दीपोत्सव में रामनगरी अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक रचनात्मकता के साथ प्रस्तुत करने की तैयारी है।प्रमुख मार्गों पर रामायण के विभिन्न कांडों और प्रसंगों को सरल भाषा में प्रदर्शित करने वाली स्थापनाएं भी तैयार की जा रही हैं।