अयोध्या।दीपोत्सव के दौरान दीपों की रोशनी से नहाने वाली रामनगरी अयोध्या इस बार रामायण की थीम पर तैयार कलात्मक सजावट और आकर्षक आकृतियों से श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी।रामनगरी के प्रमुख चौराहों,प्रवेश मार्गों, रामकथा पार्क,राम की पैड़ी और सरयू नदी के तट पर रामायण के प्रसंगों को अलग-अलग रूपों में सजाया जाएगा। पर्यटन विभाग ने इसके लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है, इसमें सजावटी द्वार,सेल्फी प्वाइंट,आर्ट इंस्टालेशन,राम रथ, पुष्पक विमान और सरयू नदी में फ्लोटर्स प्रमुख आकर्षण होंगे।
6 से 8 नवंबर तक होंगे आयोजन
दीपोत्सव के तहत रामनगरी में छह से आठ नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।सात नवंबर को दीपोत्सव का मुख्य आयोजन होगा।श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए लगभग 10 प्रमुख स्थानों पर थीम आधारित वे-फाइंडर लगाए जाएंगे,इन्हें प्रमुख प्रवेश मार्गों,चौराहों और आयोजन स्थलों के आसपास स्थापित किया जाएगा, ताकि लोगों को आयोजन स्थलों तक पहुंचने में सुविधा हो।
रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर 20 सेल्फी प्वाइंट
रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर 10-10 आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे।प्रत्येक इंस्टॉलेशन की थीम,डिजाइन और निर्माण शैली अलग होगी,इनमें रामनगरी और दीपोत्सव की झलक कलात्मक अंदाज में दिखाई जाएगी।त्रि-आयामी कलाकृतियों के जरिए आयोजन स्थलों की खूबसूरती बढ़ाने के साथ आगंतुकों के अनुभव को भी खास बनाने की तैयारी है।लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी मार्ग तक भी विभिन्न आर्ट इंस्टालेशन तैयार किए जाएंगे।
नए रूप में सजेगा रामकथा पार्क का मंच
दीपोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए रामकथा पार्क के स्थायी मंच को नए कलेवर में सजाया जाएगा।मंच पर ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था,एलईडी स्क्रीन और थीम आधारित रंगीन कपड़ों का इस्तेमाल होगा।दोनों ओर सीढ़ियां,पुष्प सज्जा, रंगोली और पर्दों के साथ मंच पर बैठने की व्यवस्था की जाएगी।रामकथा पार्क के प्रवेश और निकास पर सजावटी द्वार बनाए जाएंगे,इनकी डिजाइन भारतीय संस्कृति, पारंपरिक प्रतीकों और रामायण के प्रसंगों पर आधारित होगी।
हाईवे और धर्म पथ पर बनेंगे 10 भव्य द्वार
दीपोत्सव के दौरान रामनगरी के प्रमुख प्रवेश मार्ग भी रामायण की थीम पर सजाए जाएंगे।लखनऊ,सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर से आने वाले मार्गों और धर्म पथ पर 10 भव्य द्वार तैयार किए जाएंगे।हर गेट की डिजाइन और सजावट अलग होगी।थीम आधारित सज्जा और रोशनी से तैयार ये द्वार रामनगरी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को दीपोत्सव की भव्यता का अनुभव कराएंगे।
पुष्पक विमान और राम दरबार होंगे खास आकर्षण
राम की पैड़ी के पास पुष्पक विमान थीम पर रोड साइड इंस्टालेशन तैयार किया जाएगा,इसके अलावा रामायण की कथा को दर्शाने के लिए राम रथ और झांकी बनाई जाएगी। राम की पैड़ी के निकट राम दरबार की प्रस्तुति होगी, जबकि रामकथा पार्क के पास हेलीपैड क्षेत्र में भरत मिलाप मंच और पाथवे विकसित किए जाएंगे।सरयू और राम की पैड़ी पर आकर्षक फ्लोटर्स लगाए जाएंगे।
बता दें कि इस बार दीपोत्सव में रामनगरी अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक रचनात्मकता के साथ प्रस्तुत करने की तैयारी है।प्रमुख मार्गों पर रामायण के विभिन्न कांडों और प्रसंगों को सरल भाषा में प्रदर्शित करने वाली स्थापनाएं भी तैयार की जा रही हैं।