नई दिल्ली।देश के प्रोसेस्ड फूड विश्व के कई देशों में अपना जलवा बिखेर रहे हैं।साथ ही एग्री और हॉर्टिकल्चर उत्पादों को भी खूब प्रमोट किया जा रहा है।हिमाचल प्रदेश के सिंदूरी अनारों का दुबई में सफलतापूर्वक एक्सपोर्ट किया गया है। इससे विदेशी बाजारों में भारतीय कृषि उत्पादों के लिए नया बाजार खुल रहा है।एग्रीकल्चरल एंड प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी की मदद से कुल्लू के 1.3 मीट्रिक टन सिंदूरी अनार दुबई एक्सपोर्ट किए गए हैं। स्थानीय उपज को ग्लोबल मार्केट से जोड़ने की यह पहल, किसानों की आय बढ़ाने और भारतीय कृषि निर्यात को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एफपीओ बनाकर किसानों ने किया निर्यात
कुल्लू जिले में पैदा होने वाले सिंदूरी किस्म के अनार अब स्थानीय स्तर से निकल कर अंतरराष्ट्रीय बाजारों की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।जिले से 1.3 मीट्रिक टन अनार संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर को एक्सपोर्ट किया गया है। अनार के निर्यात में कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण के चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय ने विशेष मदद की है। कुल्लू के अलग-अलग किसानों से अनार इकट्ठे करने और उन्हें एक्सपोर्ट के लिए उपलब्ध करवाने में भुंतर स्थित किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कुल्लू के सिंदूरी अनार की दुबई तक पहुंची मिठास
हिमाचल प्रदेश के किसानों की उपज अब वैश्विक बाजारों में नई पहचान बना रही है।APEDADOC के सहयोग से कुल्लू से दुबई तक 1.3 मीट्रिक टन सिंदूरी अनार का निर्यात किया गया है। स्थानीय उपज को वैश्विक बाजारों से जोड़ने की यह पहल किसानों की आय बढ़ाने और भारतीय कृषि निर्यात को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हिमाचली फलों को विदेशी बाजारों तक पहुंचाने के लिए खास पहल की जा रही है। इसी साल जून में शिमला जिले के जड़ोल-टिक्कर और बागी क्षेत्रों के 6 प्रगतिशील किसानों द्वारा उगाए जा रहे फलों की पहली खेप ओमान निर्यात की गई थी। इस खेप में 400 किलोग्राम चेरी और 400 किलोग्राम प्लम शामिल थे। अब कुल्लू के सिंदूरी अनार का संयुक्त अरब अमीरात में एक्सपोर्ट होने से हिमाचल के अलग-अलग फलों के लिए ग्लोबल मार्केट की संभावनाएं आगे बढ़ी हैं।
APEDA की मदद से बढ़ रहा निर्यात
खाद्य उत्पादों के निर्यात के मामले में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस महीने की शुरुआत में APEDA ने हरियाणा के सोनीपत से कनाडा तक करीब 24 मीट्रिक टन फ्रोजन फूड आयटम्स की एक खेप भेजने में मदद की। किसान उत्पादक संगठनों की ओर से भेजी गई इस खेप में हरी मटर, मिक्स सब्जियां, गाजर, स्वीट कॉर्न और समोसे जैसे कई आयटम्स शामिल थे। एक्सपोर्ट करने वाली यूनिट को APEDA की वित्तीय सहायता योजना से भी मदद मिली।