नई दिल्ली।इंस्टाग्राम पर रील्स देखने वालों के लिए अच्छी खबर है।अब फोन की छोटी स्क्रीन पर ही रील्स देखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।आप अपने टीवी पर भी पसंदीदा रील्स देख सकेंगे।मेटा ने भारत में Instagram for TV लाने का ऐलान किया है। इस फीचर की मदद से लोग परिवार और दोस्तों के साथ बड़ी स्क्रीन पर रील्स और Stories का मजा ले सकेंगे।कंपनी ने 27 नवंबर को मुंबई में आयोजित अपने सालाना क्रिएटर इवेंट House of Instagram में इसकी घोषणा की।मेटा के मुताबिक यह सुविधा अगले कुछ दिनों में भारत में उपलब्ध हो जाएगी।
किन टीवी पर चलेगा इंस्टाग्राम
Instagram for TV का इस्तेमाल Apple TV, Amazon Fire TV और Google TV के सपोर्टेड डिवाइस पर किया जा सकेगा।इसके लिए यूजर्स को अपने टीवी पर इंस्टाग्राम ऐप इंस्टॉल करके अकाउंट से लॉगिन करना होगा।खास बात यह है कि एक टीवी पर पांच इंस्टाग्राम अकाउंट जोड़े जा सकेंगे। परिवार के अलग-अलग सदस्य अपनी पसंद के वीडियो देख पाएंगे। चाहें तो टीवी के लिए अलग इंस्टाग्राम अकाउंट भी बना सकते हैं।
बिना स्क्रॉल किए देख सकेंगे रील्स
फोन पर इंस्टाग्राम चलाते समय बार-बार स्क्रीन स्क्रॉल करनी पड़ती है,लेकिन टीवी पर ऐसा नहीं होगा।यहां रील्स अपने आप एक के बाद एक चलती रहेंगी। यूजर्स टीवी के रिमोट से वीडियो और दूसरे फीचर्स इस्तेमाल कर सकेंगे। इंस्टाग्राम पर अलग-अलग चैनल भी मिलेंगे,जिनमें यूजर्स की पसंद, लोकप्रिय वीडियो और फॉलो किए गए अकाउंट के हिसाब से रील्स दिखाई जाएंगी। इसके अलावा Stories, फोटो और क्रिएटर्स की प्रोफाइल भी देख सकेंगे। टीवी पर पूरी स्क्रीन में दिखने वाली Horizontal Reels का भी सपोर्ट मिलेगा।
फोन से सीधे टीवी पर कैसे चलाएं रील्स
यूजर्स अपने फोन से भी रील्स को टीवी पर भेज सकेंगे। इसके लिए फोन और टीवी एक ही Wi-Fi नेटवर्क से जुड़े होने चाहिए। इसके बाद Instagram पर Cast ऑप्शन चुनकर टीवी से कनेक्ट करना होगा। हालांकि यह सुविधा डिवाइस और रोलआउट के हिसाब से अलग-अलग समय पर मिल सकती है।
बच्चों के लिए क्या होंगे नियम
Instagram for TV पर बच्चों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा।मेटा के मुताबिक यहां आम तौर पर 13+ कंटेंट रेटिंग लागू होगी। 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए Teen Account की पाबंदियां भी लागू रहेंगी।टीवी पर इंस्टाग्राम देखने में बिताया गया समय उनकी कुल स्क्रीन टाइम लिमिट में जुड़ेगा। तय समय पूरा होने पर रिमाइंडर और स्लीप मोड नोटिफिकेशन भी मिलेंगे।