बैंकों में कम जमा हो रहा पैसा,बढ़ ग‌ए लोन मांगने वाले, आरबीआई के यू-टर्न से आम आदमी पर क्या होगा असर
बैंकों में कम जमा हो रहा पैसा,बढ़ ग‌ए लोन मांगने वाले, आरबीआई के यू-टर्न से आम आदमी पर क्या होगा असर

28 Nov 2026 |   22



 

नई दिल्ली।आपके पास 1000 रुपये है,लेकिन आपके दो दोस्त 1500 रुपये मांग रहे हैं।पहली बार तो आप किसी तरह जुगाड़ करके उन्हें यह रकम दे देंगे,लेकिन यदि यही बार-बार होने लगे तो आपकी जेब खाली हो जाएगी।कुछ यही हाल देश के बैंकिंग सिस्टम का हो गया है।बैंकों के पास लोन की डिमांड दिन पर दिन बढ़ रही है,इसका असर यह हो रहा है कि बैंकों के पास नगदी की कमी पड़ने लगी है।कुछ महीने पहले की ही बात है,जब बैंकों में लिक्विडिटी बढ़ गई थी,लेकिन लोन की बढ़ती डिमांड और बैंकों के पास कम होती नकदी के बीच आरबीआई ने अपने एक फैसले में बदलाव किया है।

आरबीआई ने 9 अक्टूबर को बदला गया नियम बदलकर बैंकों को डेली CRR मेंटेन करने के लिए छूट दी...

आरबीआई ने 9 अक्टूबर को बदला गया नियम बदलकर बैंकों को डेली कैश रिजर्व रेशियो (CRR) मेंटेन करने के लिए छूट दी है।बैंकों को रोजाना अपने तय कैश रिजर्व रेश्यो का कम से कम 90 प्रतिशत हिस्सा रखना होगा,इसे पिछले दिनों 90 से बढ़ाकर 99 प्रतिशत कर दिया गया था।इस पूरे मामले को आसान भाषा में समझते हैं।नियम यह है कि जब आप अपने खाते में पैसे जमा करते हैं तो बैंक उस पूरे पैसे को किसी और को लोन पर नहीं सकता।आरबीआई के नियम के मुताबिक हर बैंक को अपने कुल डिपॉजिट का हिस्सा कैश के रूप में आरबीआई के पास रखना पड़ता है,इसे ही कैश रिजर्व रेशियो कहा जाता है,इस पर किसी तरह का ब्याज नहीं मिलता।

CRR लिमिट को घटाकर 90 प्रतिशत किया गया

हर बैंक के लिए आरबीआई का तय नियम है कि उसे एक निश्चित रकम रिजर्व बैंक के पास जमा करनी होती है।कुल डिपॉजिट का एक तय हिस्सा,जो कैश के रूप में रिजर्व बैंक के पास जमा रहता है,इसे ही कैश रिजर्व रेशियो कहते हैं, इसमें भी एक डेली लिमिट होती है,जिसे डेली मिनिमम मेंटेनेंस कहते हैं।किसी बैंक को 100 रुपये आरबीआई के पास रखने हैं तो हर दिन बैंक के खाते में कम से कम कितना कैश बना रहना चाहिए,यह आरबीआई की तरफ से तय किया जाता है। 9 अक्टूबर 2026 को आरबीआई ने इस लिमिट को बढ़ाकर 99 प्रतिशत कर दिया था।अब इस लिमिट को घटाकर वापस 90 प्रतिशत कर दिया गया है,इसका मतलब यह हुआ कि बैंकों के पास रोजमर्रा के काम और लोन बांटने के लिए थोड़ा ज्यादा कैश फ्री हो गया है।

आरबीआई ने क्यों लिया यू-टर्न

कुछ समय पहले आरबीआई की FCNR(B) डिपॉजिट स्कीम के जरिये विदेशों से भारतीय बैंकों में बेशुमार पैसा आया था। सिस्टम में अचानक ज्यादा कैश आने पर आरबीआई को लगा कि बाजार में जरूरत से ज्यादा पैसा आने से महंगाई पर असर न पड़े,इसी अतिरिक्त पैसे को बाजार में कम करने के लिए रिजर्व बैंक ने 9 अक्टूबर 2026 को डेली CRR की लिमिट 90 प्रतिशत से बढ़ाकर 99 फीसदी कर दी थी,लेकिन नवंबर आते-आते हालात बदल गए।फेस्टिव सीजन और इकोनॉमी की रफ्तार के बीच नकदी की जरूरत बढ़ी और बैंकिंग सिस्टम में लिक्विडिटी टाइट होने लगी।आरबीआई ने नोटिस किया कि बैंकों के पास कैश की तंगी हो रही है तो उसने अपना कदम बदला और इस फैसले को वापस ले लिया।

तेजी से बढ़ रहा लोन का ग्राफ

बैंकों की असली टेंशन उनके आंकड़ों में दिख रही है। 15 नवंबर को खत्म हुए पखवाड़े के डाटा के मुताबिक सालाना बेस पर बैंक क्रेडिट यानी लोन ग्रोथ 19.3 फीसदी रही है, इसके मुकाबले बैंकों में जमा होने वाले पैसे यानी डिपॉजिट की ग्रोथ महज 16.4 फीसदी रही है।एक साल पहले लोन और डिपॉजिट ग्रोथ के बीच का अंतर 140 बेसिस प्वाइंट यानी 1.40 फीसदी था,जो अब यही बढ़कर 290 बेसिस प्वाइंट (2.90 प्रतिशत) हो गया।आसान भाषा में आप इसे ऐसे कह सकते हैं कि लोग लोन तेजी से ले रहे हैं,लेकिन बैंक में पैसा जमा करने की रफ्तार उतनी तेज नहीं है।लोन की डिमांड बढ़ने और डिपॉजिट कम होने से बैंकों पर प्रेशर बढ़ रहा है।

96 फीसदी पैसा लोन में जा रहा

फाइनेंशियल ईयर 2027 के आंकड़े के मुताबिक बैंकों के पास जितना नया डिपॉजिट आया है,उसका 96 फीसदी से ज्यादा हिस्सा सीधे नए लोन बांटने में चला गया।कुल डिपॉजिट और दिये गए कुल एडवाइंस के बीच का अंतर सिमटकर महज 66,495 करोड़ रुपये रह गया।आम जनता से मिलने वाला सस्ता डिपॉजिट कम पड़ता है तो बैंक लोन की डिमांड को पूरा करने के लिए बाहर से महंगा पैसा लेते हैं,इसे होलसेल फंडिंग या बॉरोइंग कहा जाता है।डेटा के मुताबिक FY27 के दौरान अब तक शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंकों की उधारी 2,86,022 करोड़ रुपये बढ़ गई।पिछले साल इसी समय बैंकों की उधारी 80,264 करोड़ रुपये घटी थी।अगर बैंक महंगा पैसा लेंगे तो उनका मार्जिन घट जाएगा और आगे चलकर लोन भी महंगा हो सकता है।

नवंबर के दो हफ्तों में क्या बदला

नवंबर के मिड में आए आंकड़ों ने बैंकों की चिंता को बढ़ा दिया है।इन 15 दिन में डिपॉजिट और क्रेडिट दोनों में गिरावट आई है, लेकिन डिपॉजिट में ज्यादा तेजी से गिरावट देखी जा रही है।कुल डिपॉजिट 2,04,150 करोड़ रुपये (0.7 प्रतिशत) गिरकर 280.5 लाख करोड़ पर पहुंच गया,इसमें डिमांड डिपॉजिट 1,23,526 करोड़ रुपये कम हुए,जबकि टाइम डिपॉजिट में 80,625 करोड़ रुपये की गिरावट आई,दूसरी तरफ इस दौरान बैंक क्रेडिट में महज 71,139 करोड़ रुपये की कमी आई और यह 231.1 लाख करोड़ पर पहुंच गया। इसका सीधा सा मतलब यह हुआ कि लोगों ने खाते से ज्यादा पैसा निकाला और जमा कम किया।इन आंकड़ों के बाद आरबीआई ने CRR में ढील देने का फैसला किया है।

आपकी EMI पर क्या होगा असर

इस सबके बीच असली सवाल यह है कि इसका आम आदमी पर क्या असर होगा।बैंकों के पास नकदी की कमी होती है और वे महंगी फंडिंग करते हैं तो इसका असर ब्याज दर पर भी देखने को मिलता है।आरबीआई के इस कदम के बाद बैंकों को कुछ राहत मिल सकती है,क्योंकि अब उन्हें 99 फीसदी कैश लॉक नहीं करना पड़ेगा, इससे बैंकिंग सिस्टम में लिक्विडिटी का दबाव कुछ कम होगा और बैंकों की फंडिंग कॉस्ट को संभालने में मदद मिलेगी।बैंकों पर महंगे लोन का बोझ कम रहेगा तो होम लोन,कार लोन या पर्सनल लोन की दर पर तुरंत ऊपर जाने का दबाव कम होगा। एफडी की ब्याज दर को लेकर जो खींचतान चल रही है उसमें भी थोड़ा बैलेंस बन सकता है।

रेपो रेट पर क्या होगा फैसला

आरबीआई की अगली एमपीसी 2 से 4 दिसंबर के बीच होने जा रही है।महंगाई दर बढ़ने के बाद उम्मीद की जा रही है। इस बार उम्मीद की जा रही है कि सेंट्रल बैंक रेपो रेट में इजाफा कर सकता है।अक्टूबर में 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी के बाद रेपो रेट बढ़कर 5.50 फीसदी हो गया था। हालांकि इस पर अंतिम फैसला MPC के वोट और आंकड़ों के आधार पर ही लिया जाएगा,लेकिन बाजार और इकोनॉमिस्ट के बीच इस बार रेपो रेट हाइक की संभावना सबसे ज्यादा है।

More news