काशी रोपवे के तीन स्टेशन तैयार,हर घंटे 6 हजार यात्री करेंगे सफर,जानें कब शुरू होंगी सेवाएं
काशी रोपवे के तीन स्टेशन तैयार,हर घंटे 6 हजार यात्री करेंगे सफर,जानें कब शुरू होंगी सेवाएं

28 Nov 2026 |   21



 

 वाराणसी। आध्यात्मिक नगरी काशी में कैंट से गोदौलिया तक बनने वाली रोपवे परियोजना अब अपने अंतिम चरण में है। इसके पांच स्टेशनों में से कैंट,काशी विद्यापीठ और रथयात्रा स्टेशन का निर्माण पूरा हो चुका है।गिरजाघर और गोदौलिया स्टेशन पर अभी कुछ काम बाकी है।प्रशासन का जोर इन दोनों स्टेशनों का निर्माण जल्द पूरा कराने पर है‌।सभी निर्माण कार्य और जरूरी सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद दिसंबर से यात्रियों के लिए रोपवे सेवा शुरू होने की उम्मीद है।

3.85 किलोमीटर लंबे रास्ते पर चलेंगे 148 केबिन

इस रोपवे कॉरिडोर की कुल लंबाई 3.85 किलोमीटर है। यात्रियों की सुविधा के लिए पूरे मार्ग पर 29 टावर लगाए गए हैं,इस परियोजना में 148 गंडोला केबिन चलाने की योजना है।केबिन में एक साथ 10 लोग बैठ सकेंगे,इससे काशी के लोगों के साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी आवागमन का नया विकल्प मिलेगा।

16 मिनट में कैंट से गोदौलिया पहुंचेंगे यात्री

रोपवे सेवा शुरू होने के बाद कैंट से गोदौलिया तक की दूरी लगभग 16 मिनट में पूरी हो सकेगी।अभी काशी में इन इलाकों में अक्सर जाम की समस्या रहती है।रोपवे शुरू होने से सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। खासकर कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।

हर दिन 90 हजार यात्रियों को सफर कराने की तैयारी

इस परियोजना के तहत रोजाना लगभग 90 हजार यात्रियों को सफर कराने की क्षमता विकसित की जा रही है।रोपवे का संचालन प्रतिदिन लगभग 16 घंटे करने की योजना है। अधिकारियों के मुताबिक हर घंटे लगभग 6 हजार यात्री इससे सफर कर सकेंगे,प्रत्येक गंडोला में 10 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी,इससे काशी आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को कम समय में एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

बिजली जाने पर दूसरे स्रोत से मिलेगी सप्लाई

रोपवे के लगातार संचालन के लिए बिजली की विशेष व्यवस्था की गई है,इसके तहत एक बिजली उपकेंद्र से सप्लाई बाधित होने पर दूसरे स्रोत से बिजली मिल सकेगी,इसके लिए आरएमयू सिस्टम लगाया गया है,इस व्यवस्था का उद्देश्य तकनीकी खराबी के दौरान भी बिजली की आपूर्ति जारी रखना है।उपकेंद्र का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल रोपवे का संचालन अलईपुरा उपकेंद्र से किया जा रहा है।

20 करोड़ रुपये से तैयार हुआ बिजली उपकेंद्र

रोपवे के लिए बनाए गए बिजली उपकेंद्र पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।यहां 5-5 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं।फिलहाल उपकेंद्र में चार एसएसओ तैनात हैं और इसके बेहतर संचालन के लिए 10 अतिरिक्त कर्मचारियों की मांग की गई है।चौकाघाट डिवीजन के अधिशासी अभियंता कुमार सौरभ के मुताबिक रोपवे परियोजना के लिए बिजली विभाग ने 2870 किलोवाट का कनेक्शन जारी किया है।अब लोगों को रोपवे सेवा शुरू होने की आधिकारिक तारीख का इंतजार है।

More news