
कौशांबी।लोक जन शक्ति पार्टी राम विलास के अध्यक्ष बिहार के जमुई लोक सभा सांसद चिराग पासवान रविवार को मोहद्दीनपुर गांव पहुंचे।चिराग ने तिहरे हत्याकांड के पीड़तों से मुलाकात कर उनको ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।चिराग ने कहा कि आरोपियों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। इस संबंध में वह अधिकारियों से बात करेंगे।
सांसद चिराग पासवान रविवार दोपहर लगभग एक बजे मोहिद्दीनपुर गांव पहुंचे।चिराग ने घर के अंदर जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और बातचीत की।मीडिया के सवालों पर चिराग ने कहा कि वह अपने परिवार के बीच आए हैं।यहां न कोई राजनीति है, न गठबंधन है, न ही कोई दल है।यह उनका परिवार है।
चिराग पासवान ने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर और उनसे मिलकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे।अपराधी किसी भी दशा में बक्शे नहीं जाएंगे। चिराग ने फोन पर डीएम से बातचीत की और घटना की जानकारी लेते हुए अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली।
चिराग पासवान ने कहा कि कई बार विपरीत धाराओं में जाकर संघर्ष करना पड़ता है। पिछले दो साल से मैं संघर्ष कर रहा हूं। अपनी ही पार्टी से मुझे निकाल दिया गया है। अपने घर से ही मेरा सामान सड़क पर फेंक दिया गया, लेकिन मैं पीछे हटने वाला नहीं हूं। मेरी नसों में राम विलास पासवान का खून है। न मैं डरा न मैं रूका। समझौता करना मेरी फितरत में नहीं है। चिराग ने कहा कि आज दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों में आना पड़ा है। जो लोग गए हैं उनको तो हममें से कोई वापस नहीं ला सकता। उनकी आत्मा को शांति मिले हम यही कामना कर सकते हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि सही मायने में हम श्रद्धांजलि तभी दे पाएंगे जब हम उनके परिवार को न्याय दिला पाएंगे। हम प्रयास में सबसे आगे रहेंगे। सीएम से बातचीत करनी हो। स्थानीय प्रशासन से बात करनी हो उन पर दबाव डालना हो सब किया जाएगा। चिराग ने कहा कि इस समाज के साथ आए दिन अन्याय हो रहा है। प्रशासन के साथ लिखित और मौखिक रूप से किया जाएगा। पासी समाज हक अधिकारों की लड़ाई जानता है। राम विलास पासवान अपने हक के लिए हमेशा लड़ते रहे। दुख बांटने से कम होता है। यहां से जाने के बाद भी इस पर नजर बनाए रखूंगा। हमारे प्रयासों और कार्यों में कोई कमी नहीं पाएंगे।
चिराग पासवान ने कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। गर्भवती महिला की हत्या की जितनी निंदा की जाए कम है। चिराग ने कहा कि उस बच्चे का क्या दोष था जो इस दुनिया में आया था, जो इस दुनिया में आया भी नहीं था। इस घटना को अंजाम देने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। आठ लोगों के नाम एफआईआर में हैं। दो लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा सका है। यहां से जाने के बाद वह तमाम वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करेंगे और पीड़ितों को न्याय दिलाने का कार्य करेंगे।
योगी सरकार के किसी मंत्री के न पहुंचने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि यदि आप राजनीति करेंगे तो मेरे आने मकसद को नहीं जान पाएंगे और पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पाएंगे। हम राजनीति नहीं न्याय चाहते हैं। लंबे समय से विवाद चल रहा था,लेकिन प्रशासन की ओर से लापरवाही की गई।
इंडिया गठबंधन द्वारा पत्रकारों के बहिष्कार पर चिराग पासवान ने कहा कि मीडिया के लोगों को सवाल पूछने से रोकना यह लोकतंत्र के खिलाफ है। मीडिया तो सवाल पूछेगा ही, उनका बहिष्कार करना गलत है। कई ज्वलंत सवाल पूछे जाते हैं, लेकिन बाइकाट करना गलत है। यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला है। इलले आपातकाल की याद ताजा हो गई है।
|