तेंदुओं का लोगों पर हमला तो जानवरों का कर रहे शिकार,वन विभाग लाचार,गुस्से में ग्रामीण
तेंदुओं का लोगों पर हमला तो जानवरों का कर रहे शिकार,वन विभाग लाचार,गुस्से में ग्रामीण

08 Jun 2025 |   39



 

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में 20 से अधिक तेंदुओं का कुनबा है।तेंदुए कभी लोगों पर हमला कर रहे हैं तो कभी जानवरों को शिकार कर रहे हैं।बीते तीन सालों में पांच से अधिक तेंदुए और 10 शावक मिले हैं।आपसी लड़ाई और ग्रामीणों के हमले में चार तेंदुओं की मौत हो चुकी है।वन विभाग के पास तेंदुआ पकड़ने के लिए पिंजरा तो है,लेकिन ड्रोन कैमरे, ट्रेडिंग डिवाइस और प्रशिक्षित टीमों को जरूरत पड़ने पर बाहर से बुलाया जाता है।यही कारण है कि तेंदुआ वन विभाग की पकड़ में नहीं आता है। 

पिछले कुछ दिनों से मंडी धनौरा और नौगांवा क्षेत्र में लगातार तेंदुए नजर आ रहे हैं।एक हफ्ते पहले नौगांवा क्षेत्र के दाऊद सराय गांव के पास भट्ठे पर तेंदुआ दिखा था।क्षेत्र के ही अलीपुर कलां गांव में भी तेंदुए ने कुत्ते का शिकार किया था। इससे पहले भी तेंदुए कई लोगों पर हमला कर घायल कर चुके हैं।लगभग एक महीने पहले तेंदुए ने गांव देहरा कादर बक्श में ग्रामीण केसरी सिंह पर हमला करके घायल कर दिया था।   

चार मई 2024 को मंडी धनौरा क्षेत्र के गांव महमदी में खेत में आग जला रहे किसान हरि सिंह पर तेंदुए ने हमले की कोशिश की थी।ग्रामीणों ने तलाशी अभियान चलाया तो खेत में दो शावक मिले थे। पांच सितंबर 2024 को आदमपुर गांव फरोट में घर में सोते समय माया देवी पर तेंदुए ने हमला कर दिया था। 

सात सितंबर 2024 को डिडौली कोतवाली क्षेत्र के पूरनपुर के रहने वाले किसान राजवीर सिंह की पत्नी सर्वेश देवी खेत पर चारा लेने गई थी।सर्वेश देवी ने खेत के पास ही तेंदुए को बछड़े का शिकार करते देखा था।तेंदुए ने बछड़े को गर्दन पर हमला कर मार डाला था,जिससे सर्वेश देवी बेहोश हो गईं थी। पास ही खेत पर काम कर रहे किसान नेपाल सिंह दौड़कर पहुंचे और सर्वेश देवी को उठाया था। 

पांच अक्तूबर 2024 को नौगांवा तगा गांव के लियाकत के बेटे कासिम पर तेंदुए ने हमला कर दिया था।कासिम ने बाइक दौड़कर जान बचाई थी। 11 अक्तूबर 2024 को नौगांवा सादात क्षेत्र के नौगांवा तगा गांव के रहने वाले सुधांशु उर्फ गोलू पर मंगनी से कुछ घंटे पहले तेंदुए ने हमला कर दिया था। बाइक से गिरने के बाद तेंदुआ उसे खेत में खींचकर ले गया था। गर्दन और सिर नोच डाला था। 20 अप्रैल 2025 को मंडी धनौरा क्षेत्र के गांव देहरा कादर बख्श निवासी केसरी सिंह पर तेंदुए ने हमला कर दिया था।

बीते माह 26 अप्रैल को गजरौला क्षेत्र में एक डिग्री कॉलेज में तेंदुआ घुस गया था। वन विभाग की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद बेहोश करके तेंदुए को पकड़ा था।तेंदुए के एक शावक को ग्रामीणों ने पकड़ कर वन विभाग को सौंप दिया था।दूसरे शावक की तलाश के लिए वन विभाग ने डिग्री कॉलेज के आसपास सर्च अभियान चलाया था। शावक को तलाश करने के लिए 10 वनकर्मी लगाए गए थे,लेकिन शावक को पकड़ने में नाकाम रहे थे।

27 मई 2021 को हसनपुर क्षेत्र के मुबारिजपुर के जंगल में तेंदुआ होने की आशंका में ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने एक गन्ने के खेत को घेर लिया था।यहां दहाड़ मारता हुआ तेंदुआ एक पंद्रह फीट गहरे कुएं में गिर गया था। कड़ी मशक्कत के बाद आगरा से बुलाई गई ट्रैंकुलाइजर गन एक्सपर्ट टीम की मदद से तेंदुए को बेहोश करके कुएं से बाहर निकाला गया था।

एक दिसंबर 2021 को देहात थाना क्षेत्र के वारसपुर गांव के जंगल में किसी शिकारी ने फंदा लगाया गया था। इस फंदे में तेंदुए का पैर फंस गया था।जब ग्रामीण खेतों पर काम करने के लिए निकले तो उन्होंने तेंदुआ बैठा देखा था।तेंदुआ देखकर लोग दहशत में आ गए थे। इस दौरान यहां मौजूद लोगों ने तेंदुए की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था,जिसके बाद मौके पर पहुंचे वन अधिकारियों ने तेंदुए को पकड़ लिया था।

इस महीने दो जून को मंडी धनौरा के देहरा चक गांव के सोविंदर सिंह सोमवार शाम करीब छह बजे खेत पर गए थे।सोविंदर ने मेड़ के पास एक तेंदुए का पड़ा देखा,जिसे देखकर वो घबरा गए।सोविंदर के शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। सूचना पर रेंजर संजय चौधरी वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे गए। वनकर्मी ने पास जाकर देखा तो तेंदुए की मौत हो चुकी थी।

25 दिसंबर 2024 को नौगांवा सादात के नया गांव के पास खेत में आठ माह के तेंदुए का शव पड़ा मिला था। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची और शव को डीएफओ कार्यालय लाया गया था। जहां तीन पशु चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया था। तेंदुए के शरीर पर पंजों के घाव मिले थे। वन विभाग के अधिकारियों ने दूसरे तेंदुए से लड़ाई में मौत होने की आशंका जताई थी।

नौ मई 2023 को नौगांवा सादात के बाकीपुर गांव में कुत्ते का शिकार करके ले जा रहे तेंदुए को ग्रामीणों ने उसे किसान महेश सिंह के बाजरे के खेत में घेर लिया था। खेत की तलाशी लेने पर तेंदुए का जोड़ा और उनका शावक मिला। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से शावक को पकड़ लिया था। जबकि तेंदुए का जोड़ा भाग निकला था। घायल अवस्था में शावक को वन विभाग के कार्यालय लाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था।

एक सितंबर 2021 को अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के सुनपुरा गांव में रहने वाले आदेश शर्मा के बाजरे के खेत में मादा तेंदुए का शव पड़ा मिला था। इससे पहले कई दिनों से तेंदुआ देखे जाने से क्षेत्र के लोगों में दहशत बनी हुई थी। लगातार आसपास के जंगल में तेंदुआ देखा जा रहा था। मृतक तेंदुए के गले पर घाव मिले थे। जबकि एक अन्य तेंदुए को जंगल में घूमते हुए देखा गया था, जिसके बाद वन अधिकारियों ने आपस की लड़ाई की मादा तेंदुए की मौत होने की बात कही थी।

More news