सावन के दूसरे सोमवार पर रामनगरी में उमड़े महादेव के भक्त,सरयू में डुबकी लगाकर किया जलाभिषेक
सावन के दूसरे सोमवार पर रामनगरी में उमड़े महादेव के भक्त,सरयू में डुबकी लगाकर किया जलाभिषेक

21 Jul 2025 |   50



 

अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में सुबह से ही सावन के दूसरे सोमवार पर देवाधिदेव महादेव के भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा है।भारी संख्या में कांवड़िये, रामनगरी के लोग और आसपास के जिलों के श्रद्धालु भी रामनगरी पहुंचे हैं। प्रभु श्रीराम के बेटे कुश की ओर से स्थापित सिद्धपीठ नागेश्वर नाथ मंदिर में दर्शन पूजन कर रहे हैं।

सुबह से ही श्रद्धालु सरयू में डुबकी लगाकर जल लेकर देवाधिदेव के दरबार में जलाभिषेक कर रहे हैं।भोर से ही दर्शन पूजन शुरू हो गया है।प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से व्यापक इंतजाम किए हैं। रामनगरी के प्रत्येक शिवालय और सरयू के घाटों पर बड़ी संख्या में सुरक्षा बल की तैनाती
की गई है। 

बता दें कि आज सावन का दूसरा सोमवार है।रामनगरी अयोध्या देवाधिदेव महादेव के जयकारों से गूंज रही है। देवाधिदेव महादेव के पूजन का विशेष दिन सावन माह में रहता है।इस बार सावन में पांच सोमवार है।दूर-दराज से रामनगरी पहुंचे श्रद्धालु देवाधिदेव महादेव का दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं। रामनगरी पहुंचे श्रद्धालु खुद को अभिभूत मानते हुए देवाधिदेव महादेव का दर्शन पूजन कर रहे हैं। भोर में तीन बजे से ही दर्शन पूजन का दौर शुरू हुआ है। देर शाम तक चलता रहेगा।

More news