ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।अखिलेश ने कार्यकर्ताओं को सावधान करते हुए कहा कि भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की रणनीति बनाएगी।तरह-तरह के हथकंडे अपनाएगी,लेकिन इस बार भाजपा की कोई चालाकी काम नहीं आएगी।जनता भाजपा के कुशासन से बहुत नाराज है।पूरा पीडीए समाजवादी पार्टी के साथ है। आम जनता भाजपा को सत्ता से हटाने के आतुर है।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 विधानसभा का चुनाव यूपी की जनता के भविष्य का चुनाव है।चुनाव में भाजपा को दो दशक का हिसाब देना होगा। उत्तर प्रदेश की जनता की ताकत भाजपा का सफाया कर देगी। अखिलेश ने कहा कि भाजपा चालाक और अहंकारी पार्टी है,इसने लोकतंत्र को धोखा दिया है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा राजनीतिक दल नहीं गैंग है,भाजपाई गरीबों और सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रहे है,भाजपा ने भूमाफिया बनाये हैं,उन्हें संरक्षण देती है। अखिलेश ने कहा है कि भाजपा की सरकार के दो कार्यकाल बिना किसी उपलब्धि के समाप्ति की ओर हैं। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड बना दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की फसलों की लूट मची है,नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है,भाजपा राज में महिलाएं उपेक्षित और अपमानित हैं,शिक्षा,स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है। अखिलेश ने कहा कि इस सरकार ने प्राइमरी स्कूलों की दुर्दशा कर दी है।लगभग 70 हजार स्कूल बंद कर दिए,हजारों स्कूलों में एडमिशन शून्य हैं,अस्पतालों में मरीजों को दवा-इलाज नहीं मिल रहा है। मरीज मारे-मारे फिर रहे हैं।
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी का दृष्टिकोण व्यापक है,समाजवादी पार्टी विकास की राजनीति करती है,सबको साथ लेकर चलती है, लोकतंत्र को मजबूती देती है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय के साथ है,भाजपा सामाजिक न्याय विरोधी है,भाजपा आरक्षण की लूट कर रही है,पीडीए का हक खा रही है। अखिलेश ने कहा कि पीडीए समाज की संख्या और जनाधार की तुलना में भाजपा की स्थिति शून्य है,संविधान,लोकतंत्र और आरक्षण बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाने को उत्तर प्रदेश की जनता 2027 चुनाव का इंतजार कर रही है।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भीषण गर्मी के बीच यूपी में व्याप्त बिजली संकट को लेकर भाजपा सरकार पर तंज कसा।अखिलेश ने कहा कि बिजली के नये संयंत्र लगाना सरकार के वश की बात नहीं है।
शुक्रवार को अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि नया बिजलीघर बनाना सरकार के वश में नहीं। बिजली के नये प्लांट लगाना तो आपके बस में था नहीं,न ही आपकी तंग सोच में,मुँह से ये कह ही देते 37660 सुपर क्रिटिकल थर्मल पॉवर प्लांट तो गर्मी में झुलसते प्रदेशवासियों को सुनकर ही थोड़ी राहत मिल जाती। अखिलेश ने कहा कि भाजपा के कुराज में उप्र में बिजली की सिर्फ मांग बढ़ रही है या दाम बढ़ रहे हैं, सप्लाई-आपूर्ति नहीं,भाजपा राज,यूपी ख़स्ताहाल।अखिलेश ने अपने संदेश के साथ स्मार्ट नगर,लखनऊ,राजधानी,उत्तर प्रदेश शब्द भी जोड़े।
बता दें कि यूपी भीषण गर्मी की चपेट में है।कई जिलों से बिजली कटौती की शिकायतें मिल रही हैं।विपक्ष लगातार बिजली संकट को लेकर योगी सरकार को घेर रहा है।