अगर गलती से भी नहीं मानी मौसम विभाग की ये बात,तो शरीर बन जाएगा भट्टी
अगर गलती से भी नहीं मानी मौसम विभाग की ये बात,तो शरीर बन जाएगा भट्टी

21 May 2026 |   21



 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी है।बुंदेलखंड और यूपी के दक्षिणी जिलों में हालत सबसे ज्यादा खराब है।तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।बुधवार को तो यूपी के कई जिलों में हीट वेव और वार्म नाइट को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया था।इसी कड़ी में गुरुवार के लिए कुछ जिलों में रेड अलर्ट तो कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में जरूरी होने पर ही घर से निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

हीट वेव को लेकर इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी 

 मिर्जापुर, संतरविदास नगर,प्रयागराज,कौशांबी,चित्रकूट,फतेहपुर,बांदा, कानपुर,हमीरपुर,महोबा,जालौन,झांसी,ललितपुर,कानपुर देहात,औरेया,इटावा,मैनपुरी,आगरा,फिरोजाबाद,एटा, महामायानगर,मथुरा,अलीगढ़ जिले में वार्म नाइट और हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।सोनभद्र,चंदौली, वाराणसी,जौनपुर,प्रतापगढ़,रायबरेली,कन्नौज,फर्रुखाबाद, कांशीरानमगर,गौतमबुद्धनगर,बागपत और गाजियाबाद में हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वार्म नाइट और हीट वेव को लेकर इन जिलों में येलो अलर्ट जारी

गाजीपुर,बलिया,देवरिया,मऊ,आजमगढ़,गोरखपुर,कुशीनगर, महाराजगंज,सिद्धार्थनगर,सुल्तानपुर,अमेठी,लखनऊ,हरदोई, शाहजहांपुर,बदायूं,संभल,बुलंदशहर,ज्योतिबाफुले नगर, हापुड़,मेरठ,बिजनौर,मुजफ्फरनगर,शामली और सहारनपुर में वार्म नाइट और हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले एक हफ्ते तक पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना है,वहीं पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गर्म रातें लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

संगम नगरी में पारा 46 के पार

संगम नगरी में पारा 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। लोग गर्मी से परेशान हो गए हैं।गर्मी से बचने के लिए कुछ लोग त्रिवेणी संगम भी पहुंच रहे हैं।यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।भीषण गर्मी से संगम में गंगा और यमुना का जलस्तर भी काफी कम हो गया है,जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यूपी में क्यों पड़ रही है इतनी गर्मी

बता दें कि यूपी के आसमान में कोई प्रभावी वेदर सिस्टम या बादल एक्टिव नहीं है।शुष्क मौसम होने से सूरज की सीधी किरणों से धरती तप रही हैं,जिससे अगले 4 से 5 दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। 19 मई से 22 मई के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज लू और खासकर दक्षिणी भाग के जिलों में भीषण लू चलने की आशंका है।

मेरठ में कैसा मौसम

मेरठ में पारा लगातार त्योरियां चढ़ा रहा है।भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं हैं,सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर रखा है,दोपहर होते-होते सड़कों और बाजारों में सन्नाटा दिखाई देने लगता है।मेरठ में तो अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा।मई के शुरुआती दो सप्ताह बारिश और आंधी से मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा रहा था,लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद मौसम पूरी तरह शुष्क हो गया है,इसके चलते गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है।अनुमान है कि दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।मौसम को देखते हुए डीएम ने तीन दिन इक्कीस बाइस और तेईस मई को स्कूलों की छुट्टियां कर दी हैं।कक्षा दस तक सभी बोर्डों के स्कूल गर्मी की वजह से बंद रहेंगे।

अयोध्या में 42 डिग्री तापमान

अयोध्या में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है।गुरुवार तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा,जबकि न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया,जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के मुताबिक वातावरण में उमस भी बनी रही, अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 79 प्रतिशत और न्यूनतम 42 प्रतिशत दर्ज की गई।हवा की गति 3 किलोमीटर प्रति घंटा रही और हवाएं दक्षिण-पश्चिम दिशा से चलीं।पूरे दिन मौसम शुष्क बना रहा और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई।मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू चलने की संभावना जताई है।साथ ही मौसम शुष्क रहने और तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक बने रहने का अनुमान है।लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बलिया में 41 डिग्री तापमान

बलिया में गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गुरुवार दोपहर तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंचते ही पूरा शहर तपने लगा था।दिन ढलने के बाद भी उमस कम होने का नाम नहीं ले रही है और लोग पसीने से तरबतर नजर आ रहे हैं।हल्की हवा जरूर चल रही है,लेकिन उससे राहत के बजाय गर्म थपेड़ों का एहसास हो रहा है,सड़कें तप रही हैं, घरों की दीवारें गर्म हो चुकी हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं। गर्मी और उमस का यह डबल हमला लोगों की बेचैनी को बढ़ा दिया है।

More news