भ्रष्टाचार और दबंगई की इंतहा,नागला बरी में दो भू-माफियाओं के आगे बेबस प्रशासन, 40 परिवार नरक जैसी जिंदगी जीने को मजबूर
भ्रष्टाचार और दबंगई की इंतहा,नागला बरी में दो भू-माफियाओं के आगे बेबस प्रशासन, 40 परिवार नरक जैसी जिंदगी जीने को मजबूर

21 May 2026 |   55



 

अलीगढ़। जिले के विकासखंड कोल क्षेत्र स्थित ग्राम नागला बरी (दमदपुरा) में सरकारी व्यवस्था की नाकामी,प्रशासनिक सुस्ती और कथित भू-माफियाओं की दबंगई ने ग्रामीणों का जीवन बदहाल कर दिया है।हालत यह है कि गांव के लगभग 40 गरीब परिवार वर्षों से जलभराव,गंदगी और बीमारी के बीच जीने को मजबूर हैं,लेकिन जिम्मेदार विभागों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में जल निकासी के लिए बनाई जा रही कच्ची नाली का लगभग पूरा कार्य हो चुका था,लेकिन गांव के ही दो दबंग व्यक्तियों ने कथित रूप से सरकारी भूमि और नाली के रास्ते पर कब्जा जमाकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। आरोप है कि वर्षों पुराने जल निकासी मार्ग को बंद कर दिया गया,जिससे बरसात का पानी अब सीधे आबादी में भरता है।

ग्रामीणों के मुताबिक बरसात आते ही गांव तालाब में तब्दील हो जाता है,घरों में गंदा पानी भर जाता है,रास्ते दलदल बन जाते हैं, बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ते हैं,लेकिन प्रशासन केवल फाइलों में बैठकें और कागजी कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान रहा है।

गांव निवासी महेश चंद्र पुत्र हाकिम सिंह सहित दर्जनों ग्रामीणों ने अधिकारियों को कई बार शिकायतें दीं। फरवरी 2026 में कई बैठकों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं निकल सका। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत पत्रों पर 40 से अधिक लोगों के हस्ताक्षर होने के बाद भी न तो अवैध कब्जा हटाया गया और न ही नाली निर्माण पूरा कराया गया।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि यदि सरकारी कार्य भी दबंगों के इशारे पर रुकने लगें, तो आम जनता आखिर न्याय के लिए कहां जाए। लोगों का कहना है कि गांव की समस्या अब केवल नाली तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह प्रशासनिक उदासीनता और प्रभावशाली लोगों के दबाव का प्रतीक बन चुकी है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन,पुलिस और विकास विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि जल निकासी का रास्ता तत्काल खाली कराया जाए, रुका हुआ निर्माण कार्य पूरा कराया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। गांव के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो मजबूर होकर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।

More news