ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी।इस दौरान अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला।अखिलेश यादव ने चीन पर भारत की जमीन कब्जाने को लेकर बड़ा दावा किया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया के सवाल पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का हमेशा पक्ष रहा है कि भारत को चीन से खतरा बढ़ता चला जाएगा।चीन ने सबसे ज्यादा भारत की जमीन छीनी है,चीन ने आजादी से पहले भी और आजादी के बाद भी भारत की जमीन छीनी है,चीन ने भारत की सीमा का उल्लंघन किया है,लेकिन सरकारें चुप रहती हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि जिस समय भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ था तो उन्होंने तय किया था कि उनका रास्ता समाजवादी होगा,सेक्युलर होगा। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी के गठन के समय उनके पास कोई समाजवादी नेता नहीं था।जब बीजेपी के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए तो उन्होंने जय प्रकाश की तस्वीर लगाकर यह साबित करने की कोशिश की थी कि वह सेक्युलर मूवमेंट के हिसाब से चलेंगे। अब बीजेपी अपने रास्ते से भटक गई है।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि सच्चाई ये है कि उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है।किसानों के लिए खाद नहीं मिल रही है,DAP नहीं है। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी के लोगों ने पूरी मक्का को खरीद कर रेट ले लिया है।किसानों को मक्का का सही रेट नहीं मिला। किसानों को जो सुविधा मिलनी चाहिए, वो नहीं मिल रही है।