नई दिल्ली।बिहार के बांकीपुर और मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाए।संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश ने कहा कि इन चुनाव परिणामों को केवल हार-जीत के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।जनता में कितनी नाराजगी है,यह समझने की जरूरत है,इसलिए न आप धोखे में रहिए और न ही हमें धोखे में रखिए,यह सिर्फ हार नहीं है।बिना बेईमानी के जनता उन्हें कितना वोट देती है।
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के उपचुनावों का जिक्र किया। अखिलेश ने कहा कि अगर कुंदरकी और रामपुर की तरह चुनाव कराए जाते,तो क्या बीजेपी हारती।अखिलेश ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी चुनाव के दौरान जिस तरह का माहौल बनाया गया था,वैसा इस बार नहीं था।
पत्रकारों ने जब सवाल किया तो अखिलेश यादव ने कहा,मैं सिर्फ इतना कह रहा हूं कि बीजेपी को खुद को समझने की जरूरत है,इस बार उन्होंने बिल्कुल निष्पक्ष चुनाव कराया। पुलिस-प्रशासन का उस तरह इस्तेमाल नहीं किया गया,जैसा कुंदरकी,मीरापुर,रामपुर और उत्तर प्रदेश के अन्य उपचुनावों में हुआ था,जिस तरह की बेईमानी वहां हुई थी,वह इस बार नहीं हुई।
अखिलेश यादव ने कहा,बंगाल में जिस तरह फोर्स लगाई गई थी,वैसी फोर्स भी यहां नहीं लगाई गई,क्या आपने कुंदरकी जैसी फोर्स यहां देखी।दरअसल वे यह जांच रहे थे कि जनता में उनके खिलाफ कितनी नाराजगी है।जब आम चुनाव आएगा तो वे फिर अपना पूरा फोर्स लगाएंगे।
मध्य प्रदेश की दतिया सीट का खास उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा,दतिया की तो बतिया ही मत करो,हमें खुशी है कि दतिया की जनता और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिम्मेदारी के साथ इंडिया गठबंधन का साथ दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस चुनाव को लेकर उनकी कांग्रेस नेताओं से भी बातचीत हुई थी।अखिलेश ने कहा,मेरी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से बातचीत हुई थी।हमारी पार्टी का मध्य प्रदेश और झांसी का संगठन भी सक्रिय रहा।दोनों क्षेत्रों के लोगों के आपसी रिश्ते हैं,जहां तक संभव था, हमने सहयोग किया।