दूध की कीमतों में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी,जानें कहां पड़ेगा असर
दूध की कीमतों में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी,जानें कहां पड़ेगा असर

29 Aug 2026 |   30



 

नई दिल्ली।देश के क‌ई हिस्सों में बढ़ती लागत का असर दिखाई दे रहा है।मिडिल ईस्ट संकट से दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी के एलान के साथ ही मुंबई में दूध कीमतों में बढ़ोतरी की खबर है।मुंबई में दूध की कीमतों में 1 सितंबर से बढ़ोतरी होने जा रही है।बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (BMPA) ने दूध की थोक कीमत में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।इसके बाद थोक दूध का भाव 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा।नई कीमत 1 सितंबर 2026 से लागू होकर 28 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगी।

खुदरा कीमतों पर भी पड़ेगा असर

थोक कीमत में बढ़ोतरी का असर मुंबई और आसपास के इलाकों में खुदरा दूध की कीमतों पर भी पड़ सकता है। हालांकि उपभोक्ताओं पर इसका वास्तविक असर इस बात पर निर्भर करेगा कि रिटेलर्स और डेयरी सप्लायर्स बढ़ी हुई लागत का कितना हिस्सा ग्राहकों पर डालते हैं।अगर कीमतों का अधिकांश हिस्सा ग्राहकों को चुकाना पड़ता है तो दूध की कीमतें 105 रुपये से 110 रुपये प्रति लीटर के बीच पहुंच सकती हैं,जो कि अभी 100 रुपये के करीब हैं।

दूध की कीमतों में ये बढ़ोतरी ऐसे समय में हो रही है जब त्योहारी सीजन करीब है

दूध की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हो रही है,जब त्योहारी सीजन करीब है।इस दौरान दूध और दूसरे डेयरी उत्पादों की मांग आम तौर पर बढ़ जाती है,ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी का असर सिर्फ घरेलू उपभोक्ताओं तक सीमित रहने की संभावना नहीं है।दूध और डेयरी उत्पादों का इस्तेमाल करने वाले कारोबारों की लागत भी बढ़ सकती है,इनमें मिठाई की दुकानें,बेकरी और रेस्टोरेंट-ईटरीज शामिल हैं,हालांकि इन कारोबारों के उत्पादों की कीमतों पर कितना असर पड़ेगा,यह संबंधित कारोबारी और उनके सप्लायर्स की लागत और कीमत तय करने की रणनीति पर निर्भर करेगा।

दिल्ली में सीएनजी हुई महंगी

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में सीएनजी की कीमत भी बढ़ गई है।इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने वैश्विक स्तर पर एल‌एनजी की ऊंची कीमतों के कारण बढ़ी इनपुट लागत का हवाला देते हुए 29 अगस्त की सुबह 6 बजे से सीएनजी की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की।इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में सीएनजी की खुदरा कीमत 83.09 रुपये से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलो हो गई है। नई कीमतें IGL की ओर से सप्लाई किए जाने वाले आसपास के शहरों में भी लागू हैं।

More news