नशे‌ में पति बना जल्लाद:पत्नी की हत्या कर चारपाई के नीचे गड्ढा खोदकर दफनाया शव,रोज वहीं सोता,सच जानकर कांप गए लोग
नशे‌ में पति बना जल्लाद:पत्नी की हत्या कर चारपाई के नीचे गड्ढा खोदकर दफनाया शव,रोज वहीं सोता,सच जानकर कांप गए लोग

19 Oct 2025 |   31



 

बहराइच।उत्तर प्रदेश के बहराइच में हैरतअंगेज मामला सामने आया है।जरवलरोड थाना क्षेत्र के अहाता गांव में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या की।इसके बाद शव को घर में दफना दिया और उसके ऊपर चारपाई डालकर सोता रहा। 11 दिन बाद मामले का खुलासा हुआ तो लोगों की रूह कांप गई।मायके के लोगों के शक जताने पर पुलिस ने खोदाई करके शव बरामद किया। इस बीच शराबी पति मौके से फरार हो गया।पुलिस ने शराबी पति के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने का रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

अहाता गांव के रहने वाले रामधीरज ने बताया कि 45 वर्षीय बहन फूला देवी की शादी लगभग 25 वर्ष पहले गांव के ही हरिकिशन के साथ हुई थी। शुरू में सब कुछ ठीक था, लेकिन धीरे-धीरे हरिकिशन को शराब की लत लग गई। वह नशे में अक्सर बहन से मारपीट करता था। फूला के छह बच्चों में से दो बेटियों की शादी हो चुकी है। एक बेटा लखनऊ में मजदूरी करता है और तीन बच्चे अभी छोटे हैं।

फूला देवी के परिजनों के मुताबिक हरिकिशन की शराब की लत बढ़ गई थी।हरिकिशन पूरे दिन नशे में धुत रहता और घर में झगड़ा करता था।इसकी वजह से दो छोटे बच्चे ननिहाल में रहने लगे। 6 अक्तूबर से फूला अचानक घर से गायब हो गईं। जब दो दिन तक कोई पता नहीं चला तो भाई रामधीरज ने हरिकिशन से पूछा। उसने टालमटोल करते हुए कहा कि वह कहीं चली गई है।

पुलिस के मुताबिक परिजनों ने छह अक्तूबर को ही जरवलरोड थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।लगातार 10 दिन तक खोजबीन के बाद भी फूला देवी का कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को मायके के लोग हरिकिशन के घर पहुंचे और उससे सख्ती से पूछताछ की,लेकिन वह कुछ नहीं बोला। इस बीच रामधीरज की भाभी विमला कमरे में गईं तो उन्होंने चारपाई के नीचे मिट्टी का नया लेपन देखा।नजदीक से देखने पर जमीन में हल्की दरारें भी दिखाई दीं। शक गहराने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंचती उससे पहले ही हरिकिशन फरार हो गया।

जरवलरोड थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कमरे की खोदाई करवाई।पहले फूला देवी की टूटी हुई चूड़ियां मिलीं, फिर पायल और अंत में करीब दो फीट नीचे दफन शव मिला,शव बिना कपड़ों के था,शरीर पर कई जगह चोट के गहरे निशान थे। पुलिस को शक है कि महिला की हत्या बेरहमी से पिटाई कर की गई है।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घर को सील करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरोपी हरिकिशन की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।

More news