एटा में बोर्ड परीक्षा की तैयारी
नकल पर 10 साल की जेल और 1 करोड़ का जुर्माना,प्रशासन ने कसी कमर
नकल विहीन,शुचिता पूर्ण परीक्षा के लिए हुई जिला स्तरीय उच्च स्तरीय समन्वय बैठक
ब्यूरो तुर्रम सिंह
एटा।उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को पूरी तरह नकल मुक्त,सकुशल और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं।मंगलवार को जनेश्वर मिश्र सभागार में जोनल मजिस्ट्रेट,सेक्टर मजिस्ट्रेट,स्टेटिक मजिस्ट्रेट और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने की।
डीएम प्रेम रंजन सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सभी की सामूहिक नैतिक जिम्मेदारी है। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने सौंपे गए दायित्वों का पालन पूर्ण ईमानदारी,सतर्कता और संवेदनशीलता से करें। किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीएम प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार नकल रोकथाम के लिए शासन स्तर पर अभूतपूर्व सख्ती बरती जा रही है।एटा जिले को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम के तहत अनुचित साधनों के प्रयोग या नकल करवाने/कराने वाले दोषियों को 10 वर्ष तक का कठोर कारावास एवं एक करोड़ रुपये तक का अर्थदंड हो सकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने कहा कि परीक्षा के दौरान सर्विलांस,सीसीटीवी निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। प्रत्येक केंद्र पर आंतरिक सचल दल द्वारा परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। किसी भी बाहरी व्यक्ति को केंद्र परिसर में प्रवेश नहीं मिलेगा।एसएसपी ने जोर देकर कहा कि इस परीक्षा से प्रदेश और जिले की गरिमा जुड़ी है,जिसे बनाए रखना हम सबका कर्तव्य है।
जिला स्तरीय बाह्य पर्यवेक्षक विजय प्रताप सिंह ने भी परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर बल दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर इंद्रजीत ने बताया कि जनपद में कुल 92 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनके लिए 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 92 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। सभी अधिकारी और केंद्र व्यवस्थापक नकलविहीन एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराने के लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्य प्रकाश,अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेंद्र कुमार,उप जिलाधिकारी पीयूष रावत,राजकुमार मौर्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक और मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
बता दें कि प्रशासन की ये सख्ती और समन्वय सुनिश्चित करेगा कि बोर्ड परीक्षा एटा में नकल मुक्त और शुचिता पूर्ण होकर संपन्न हो।नकल के किसी भी प्रयास पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।