यूपी में अफवाहों से दोगुनी हुई पेट्रोल-डीजल की डिमांड,इतनी हुई बिक्री,जानें आपके शहर में कितना है स्टॉक
यूपी में अफवाहों से दोगुनी हुई पेट्रोल-डीजल की डिमांड,इतनी हुई बिक्री,जानें आपके शहर में कितना है स्टॉक

28 Mar 2026 |   10



 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में पेट्रोल,डीजल और एलपीजी गैस की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।राज्य स्तर के कोऑर्डिनेटर संजय भंडारी ने स्पष्ट किया कि 25-26 मार्च को केवल पैनिक बायिंग के कारण ईंधन की मांग अचानक बढ़ गई,जिससे बिक्री दोगुनी से अधिक हो गई।हालांकि तीनों ऑयल कंपनियों के पास सामान्य दिनों जितना ही स्टॉक मौजूद है और सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारू चल रही है।

जानें संजय भंडारी ने क्या कहा 

संजय भंडारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में पेट्रोल,डीजल या एलपीजी की कोई किल्लत नहीं है।सिर्फ दो दिनों की घबराहट के कारण डिमांड बढ़ी,लेकिन कहीं भी सप्लाई बाधित नहीं हुई,हमारा सिस्टम इतना मजबूत है कि जहां भी मांग बढ़ती है,तुरंत टैंकर भेजकर जरूरत पूरी कर दी जाती है।

आंकड़ों में साफ दिखी पैनिक बायिंग की तस्वीर

संजय भंडारी ने बताया कि राज्य स्तर पर 26 मार्च को ईंधन की सप्लाई पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुनी हो गई।पेट्रोल-26 मार्च 2025 को 15 हजार किलोलीटर लगभग 1.5 करोड़ लीटर की सप्लाई थी,जो इस बार बढ़कर 29 हजार किलोलीटर 2.9 करोड़ लीटर हो गई।डीजल- 28 हजार किलोलीटर से बढ़कर 51 हजार किलोलीटर 5.01 करोड़ लीटर पहुंच गई।लखनऊ शहर में 26 मार्च को कुल 18,64,000 लीटर ईंधन बिका,इसमें 10,98,000 लीटर पेट्रोल और 7,66,000 लीटर डीजल शामिल है।यह बिक्री शहर के 269 पेट्रोल पंपों से हुई।

एलपीजी में भी रिकॉर्ड बुकिंग

संजय भंडारी ने बताया कि एलपीजी की मांग में भी अचानक उछाल आया। 26 मार्च को 11.90 लाख सिलेंडर बुक हुए,जिनमें से 7.83 लाख की डिलीवरी कर दी गई,सामान्य दिनों में औसतन 10 लाख बुकिंग होती है और 7 लाख डिलीवरी होती है।भंडारी ने बताया कि एलपीजी की डिलीवरी भी पूरी गति से चल रही है।

किन जिलों में दबाव रहा

संजय भंडारी ने बताया कि लखनऊ,सीतापुर,बहराइच और गोंडा में दो दिनों तक मांग ज्यादा रही।वहीं गोरखपुर, महाराजगंज,बस्ती और अयोध्या में मांग पहले बढ़ी थी,लेकिन अब पूरी तरह सामान्य हो चुकी है।अनुमान है कि अगले एक-दो दिनों में बाकी जिलों में भी स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।भंडारी ने बताया कि स्टॉक की स्थिति पूरी तरह मजबूत। राज्य में 4.85 करोड़ एलपीजी उपभोक्ता हैं। डिस्ट्रीब्यूटर के पास औसतन डेढ़ दिन और बॉटलिंग प्लांट पर 4 दिन का स्टॉक है।भंडारी ने बताया कि पेट्रोल पंपों पर 4-5 दिन का स्टॉक हमेशा रहता है।कुल मिलाकर राज्य में 15-18 दिन का रिजर्व उपलब्ध है।केंद्र सरकार के अनुसार देशभर में 60 दिन का क्रूड ऑयल स्टॉक है, जो सामान्य से ज्यादा है। हमेशा 7 दिन का बैकअप स्टॉक रखा जाता है।अभी भी वैसी ही स्थिति है।

पेमेंट मुद्दा सुलझाने की तैयारी

संजय भंडारी ने बताया कि तीनों कंपनियां.इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम मिलकर सप्लाई बनाए हुए हैं। भंडारी ने बताया कि ऑटोमेशन सिस्टम के जरिए हर रिटेल आउटलेट की निगरानी की जा रही है,जहां बिक्री सामान्य से पांच गुना बढ़ जाती है,वहां तुरंत अतिरिक्त सप्लाई भेज दी जाती है।भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के साथ बैठक बुलाई गई है।

पेमेंट से जुड़े मुद्दे को लेकर भंडारी ने बताया कि यह कंपनियों का आंतरिक मामला लगता है।बातचीत से इसे जल्द सुलझा लिया जाएगा।भंडारी ने लोगों से अपील की,किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें,न कोई संकट है,न सप्लाई चेन में कोई बाधा है।

More news