बरेली।फिल्म धुरंधर-2 एक डायलॉग पर विवाद छिड़ गया है।फिल्म के एक दृश्य में बरेली का पॉकेटमार डायलॉग का इस्तेमाल किए जाने पर शहरवासियों ने कड़ा एतराज जताया है।इस मामले में रामपुर गार्डन क्षेत्र के पार्षद राजेश अग्रवाल ने फिल्म के निर्माता-निर्देशकों को कानूनी नोटिस भेजकर संबंधित डायलॉग को तत्काल हटाने की मांग की है।
पार्षद राजेश अग्रवाल ने बताया कि फिल्म के निर्माता आदित्य धर,लोकेश धर और ज्योति देशपांडे को भेजे गए नोटिस में कहा है कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से बरेली के नाम का अपमानजनक तरीके से प्रयोग किया गया है। ऐसे संवाद न केवल शहर की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि यहां के नागरिकों के आत्मसम्मान को भी ठेस पहुंचाते हैं।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि बरेली की पहचान
सदियों से एक प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में रही है।पांचाल नगरी और आला हजरत की धरती के रूप में विख्यात इस शहर के गौरवशाली इतिहास को फिल्मी मनोरंजन के नाम पर धूमिल करना कतई स्वीकार्य नहीं है।
पार्षद राजेश अग्रवाल ने चेतावनी दी है कि यदि फिल्म से इस विवादित संवाद को तुरंत नहीं हटाया गया तो वे निर्माताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे और मानहानि का दावा भी करेंगे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पार्षद ने इस संबंध में शासन स्तर पर भी शिकायत दर्ज कराई है।