सर्वजन को लड़ाएगी बसपा,दागियों को टिकट नहीं,मायावती ने बताया 2027 का चुनावी प्लान
सर्वजन को लड़ाएगी बसपा,दागियों को टिकट नहीं,मायावती ने बताया 2027 का चुनावी प्लान

31 Mar 2026 |   29



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ।राजधानी लखनऊ में मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी के कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री पार्टी मुखिया मायावती ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में राज्य और जिला स्तर के प्रमुख पदाधिकारी शामिल रहे। बैठक में पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने,आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और संगठनात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

मायावती ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपना रूख साफ कर दिया है।मायावती ने कहा है कि बसपा दूसरी पार्टियों की तरह आपराधिक तत्वों को कतई प्रश्रय नहीं देगी।सर्वजन की टिकटों में भागीदारी होगी।बसपा अपनी कथनी और करनी में सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय की विशिष्ट पहचान रखने वाली पार्टी है। मायावती ने पार्टी के प्रत्याशियों को शार्टलिस्ट करते समय सर्वसमाज को उचित और समुचित प्रतिनिधित्व देने का भी सही से ख्याल रखने का निर्देश भी दिया।

मायावती ने बैठक में संगठन की ज़मीनी,आर्थिक मजबूती,जनाधार को बढ़ाने और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। मायावती ने प्रगति रिपोर्ट को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लपारवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मायावती ने कहा कि देश व जनहित के प्रति सरकारी उदासीनता से त्रस्त जनता बसपा की ओर काफी उम्मीद भरी निगाहों दे देख रही है। बसपा को उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए हर स्तर पर भरपूर निष्ठा, लगन व मेहनत से काम जारी रखना बहुत जरूरी है। इसमें लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

बसपा मुखिया मायावती ने कहा,प्रदेश में रोजी-रोटी की पहले से जटिल समस्या अब और भी विकट रूप धारण कर रही है जबकि सरकार ज्यादातर मामलों में अभी भी अपनी जुमलेबाजी व वादों से लोगों की भूख-प्यास मिटाना चाहती है। यह बहुत दुखद है। मायावती ने कहा कि वास्तव में आत्मनिभर्रता केवल स्लोगन नहीं बल्कि इसको पूरी तत्परता व ईमानदारी के साथ वास्तविकता में बदलने की जरूरत है। तभी देश में हर हाथ को काम मिलकर बहुजनों का जीवन बेहतर होगा।खासकर यूपी जैसे गरीब,पिछड़े व विशाल राज्य में रोजगार की समस्या पहले से और जटिल होती जा रही है।

मायावती ने कहा कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध को लेकर आई विभिन्न प्रकार की जटिल समस्याओं से रसोई गैस,पेट्रोल व पेट्रोलियम पदार्थों के संकट से लगभग सभी प्रकार की वस्तुओं की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है। हर प्रकार की वस्तुओं के दाम मनमाने तरीके से बढ़ने से मेहनतकश समाज का गरीबी में आटा और गीला हो गया है। उनकी परेशानियों लगातार बढ़ रही हैं।मायावती ने कहा कि इसके समाधान के लिये सरकार को लगातार प्रभावी कदम उठाते रहना जरूरी है। ताकि देश को नोटबंदी तथा कोरोना महामारी जैसा संकट का अभूतपूर्व काल लोगों को फिर से न झेलना पड़े।

बसपा मुखिया मायावती ने 14 अप्रैल को डाॅक्टर भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर विशेष आयोजनों का निर्देश दिया। मायावती ने कहा कि पूरी मिशनरी भावना के साथ लखनऊ में इस बार सभी 18 मंडलो से पार्टी कार्यकर्ता परिवार समेत अम्बेडकर स्मारक में पहुंचकर अपने महापुरुष बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित करें।

More news