नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली क्षेत्र (एनसीआर) में अप्रैल के अंत में ही मई-जून जैसी भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।मार्च में अपेक्षाकृत सुहावने मौसम के बाद अप्रैल में लोग अब बढ़ते तापमान और बिगड़ती वायु गुणवत्ता से जूझ रहे हैं।
आईएमडी के मुताबिक...
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक 21 से 24 अप्रैल तक लगातार लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। 21 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले कुछ दिनों में स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।
24 अप्रैल को भी ऐसी ही स्थिति रहने की....
मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। 22 और 23 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और 24 अप्रैल को भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है। जहां न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहेगा। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि लू की स्थिति न केवल दोपहर में बल्कि देर शाम तक भी बनी रहेगी। हालांकि हफ्ते के अंत तक मौसम में थोड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।
बाकी दिन तापमान लुढ़क कर आएगा 41 डिग्री तक
आईएमडी के मुताबिक 25 और 26 अप्रैल को अधिकतम तापमान थोड़ा गिरकर लगभग 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक बढ़ सकता है। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बावजूद गर्मी से राहत मिलने की संभावना बहुत कम है।
बढ़ते तापमान के साथ-साथ एनसीआर में वायु गुणवत्ता भी एक गंभीर चिंता का विषय बनी
बढ़ते तापमान के साथ-साथ एनसीआर में वायु गुणवत्ता भी एक गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है।दिल्ली और उसके आसपास के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) लगातार खराब श्रेणी में बना हुआ है। आनंद विहार का एक्यूआई 224 दर्ज किया गया, जबकि अशोक विहार का 173 रहा। बावना और चांदनी चौक में एक्यूआई का स्तर क्रमशः 196 और 162 रहा।