भारत की UNSC दावेदारी को मिला यूरोप का साथ, जानें किन देशों ने किया समर्थन
भारत की UNSC दावेदारी को मिला यूरोप का साथ, जानें किन देशों ने किया समर्थन

23 Sep 2026 |   17



 

नई दिल्ली।संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता के लिए भारत की लंबे समय से जारी कोशिशों को नई कूटनीतिक मजबूती मिली है।हाल ही में विसेग्राड ग्रुप (V4) के चार देशों ने भारत की स्थायी सदस्यता की दावेदारी का समर्थन किया है।इनमें हंगरी,पोलैंड,स्लोवाकिया और चेक गणराज्य शामिल हैं। यह समर्थन न्यूयॉर्क में 81वें यूएन जनरल असेंबली के इतर आयोजित पहली V4-भारत बैठक के दौरान सामने आया।

स्लोवाकिया के विदेश मंत्री जुराज ब्लानार ने क्या कहा

स्लोवाकिया के विदेश मंत्री जुराज ब्लानार ने कहा कि V4 देश भारत को ग्लोबल साउथ के एक प्रमुख देश और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की उभरती शक्ति के तौर पर देखते हैं तथा उसे सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्य के तौर पर स्थान मिलना चाहिए।

जयशंकर ने बैठक को बताया ऐतिहासिक

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पहली V4-भारत बैठक को ऐतिहासिक करार दिया है।बैठक में भारत और चारों यूरोपियन देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
दोनों पक्षों ने विदेश मंत्रियों की सालाना बैठक और एनुअल बिजनेस फोरम आयोजित करने की योजना भी सामने रखी। V4 यानी विसेग्राड ग्रुप की स्थापना मिड यूरोप के इन चार देशों के बीच राजनीतिक,आर्थिक,सुरक्षा,एनर्जी और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए हुई है।

UNSC सुधार पर भारत का जोर

भारत का कहना है कि 1945 में बनी सुरक्षा परिषद की व्यवस्था आज की दुनिया के हिसाब से पुरानी हो चुकी है और इसमें कुछ देशों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिलता है।मौजूदा समय में UNSC में पांच स्थायी सदस्य और 10 अस्थायी सदस्य हैं।स्थायी सदस्यों में अमेरिका,चीन,रूस,फ्रांस और ब्रिटेन शामिल हैं।भारत का मानना है कि एशिया,अफ्रीका और अन्य क्षेत्रों की बदलती राजनीतिक और आर्थिक भूमिका को सुरक्षा परिषद में बेहतर प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

भारत की दावेदारी को पहले भी मिला समर्थन

भारत की स्थायी सदस्यता की मांग को फ्रांस और रूस समेत कई देशों का समर्थन मिल चुका है।फ्रांस ने हाल में भी UNSC में भारत की स्थायी सदस्यता के लिए अपने समर्थन को दोहराया है,जबकि रूस ने भी भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन किया है। V4 देशों का ताजा समर्थन भारत के लिए बहुपक्षीय मंच पर अपनी दावेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कूटनीतिक डेवलपमेंट है,इसके साथ ही भारत ने 2028-29 के लिए UNSC की अस्थायी सदस्यता हेतु भी अपनी उम्मीदवारी का एलान किया है।

More news