नई दिल्ली।दीवाली से पहले सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है।आलम यह है कि सोना ऑल टाइम हाई करीब 25 फीसदी और चांदी 55 फीसदी तक सस्ती हो गई है। ऐसे में आज कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन वैश्विक बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है।वैश्विक बाजार में सोना टूटकर $4000 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है।
इंटरनेशनल मार्केट में गिरे दाम
इंटरनेशनल मार्केट यानी Comex पर मंगलवार को सोने-चांदी में फिर गिरावट नजर आई।लगातार गिरावट के बाद आज Comex पर सोना 0.46 फीसदी गिरकर 4,019.90 डॉलर प्रति औस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं चांदी के दाम 1.37 फीसदी तक गिरे और ऐसे में कीमत 53.595 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करती दिखी।
घरेलू बाजार में धड़ाम हुए दाम
घरेलू बाजार में भी सोने-चांदी के दाम में गिरावट दर्ज हुई। आज सोना गिरकर करीब ₹1.42 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड करता दिखा।वहीं चांदी भी गिरावट के साथ ₹1.94 लाख प्रति किलोग्राम के आसपास ट्रेड करती दिखी।
MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना गिरा
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाले सोने में 500 रुपए की गिरावट दर्ज की गई और कीमत ₹1,42,768 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया। वहीं चांदी की बात करें तो इसमें 2593 रुपए की गिरावट दिखी और कीमत ₹1,93,544 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
कितना सस्ता हुआ सोना
बाजार खुलते ही गोल्ड सिल्वर में फिर गिरावट दिखी। धातुओं में लगातार गिरावट का दौर जारी है।ऐसे में 24 कैरेट सोना करीब ₹143,530 प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है, जबकि 22 कैरेट सोना लगभग ₹131,569 प्रति 10 ग्राम के आसपास बना हुआ है। वहीं 18 कैरेट गोल्ड ₹107,648 प्रति 10 ग्राम के करीब ट्रेड कर रहा है। बुलियन मार्केट में चांदी का भाव लगभग ₹196,410 प्रति किलोग्राम के आसपास ट्रेड करता दिखा।
बता दें कि सोने-चांदी की कीमतें पिछले 6 महीने के लो लेवल पर चली गई हैं। 29 जनवरी को सोना ने 1.93 लाख रुपए के साथ ऑल टाइम हाई बनाया था। चांदी ने 4.20 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंचकर अपने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए थे,लेकिन तब से अब तक सोना करीब 50,000 रुपए और चांदी 2,25,000 रुपए तक सस्ती हो चुकी है।