आर‌एस‌एस ने संघ शताब्दी वर्ष श्री विजयादशमी धूमधाम से मनाया 
आर‌एस‌एस ने संघ शताब्दी वर्ष श्री विजयादशमी धूमधाम से मनाया 

06 Oct 2025 |   102



युधिष्ठिर सिंह 

बल्दीराय,सुल्तानपुर।हलियापुर में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा संघ शताब्दी वर्ष का पहला उत्सव श्री विजयादशमी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।कार्यक्रम की शुरुआत संघ के जिला संघचालक डॉक्टर अवधेश त्रिपाठी और कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉक्टर दिग्विजय और मुख्य वक्ता सहप्रांत कार्यवाह डॉक्टर राजबिहारी द्वारा भगवान राम,भारत माता और संघ संस्थापक एवं गुरु जी के चित्र पर पुष्पार्चन एवं माल्यार्पण किया गया।

 अमृत वचन और एकल गीत के पश्चात मुख्य वक्ता सह प्रांत कार्यवाह राजबिहारी ने कहा कि विजयादशमी पर्व असत्य पर सत्य की विजय,आसुरी शक्तियों के मान मर्दन एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्थापना दिवस है। राजबिहारी ने कहा कि 1925 में विजयादशमी को ही संघ की स्थापना हुई थी। विजयादशमी 2025 को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरा होने पर संघ शताब्दी वर्ष मना रहा है। 

राजबिहारी ने संघ की स्थापना के उद्देश्य संघ की सौ वर्ष की यात्रा में संघ पर आई विपत्तियों एवं विभिन्न अवसरों पर संघ के स्वयंसेवकों द्वारा देश,समाज और धर्म हित में किए गए कार्यों की विस्तार पूर्वक चर्चा की।उन्होंने कहा कि संघ सम्पूर्ण हिंदू समाज के संगठन के माध्यम से पूरे विश्व में भारत को अग्रणी भूमिका में देखना चाहता है।चतुर्दिक भारत माता की जय ही संघ का मूल उद्देश्य है।

राजबिहारी ने कहा कि देश पर जब भी कोई संकट आया संघ के स्वयंसेवक सदैव सबसे आगे बढ़कर देश सेवा में जुटते हैं। संघ ने समाज की मजबूती एवं उन्नति के लिए पंचप्रण के रूप में सामाजिक समरसता,कुटुंब प्रबोधन,पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भाव जागरण एवं नागरिक कर्तव्य के पालन का संकल्प लिया है फिर भी शांति स्थापना के लिए शक्ति की उपासना आवश्यक है।

 इस अवसर पर स्वयंसेवकों द्वारा संचलन गीत संगठन गढ़े चलो,सुपंथ पर बढ़े चलो,भला हो जिसने देश का वो काम सब किए चलो के साथ कार्यक्रम स्थल श्री सिंहराय इंटर कॉलेज से पथ संचलन निकाला गया। इस अवसर पर चिरंजीवलाल आर्य,जितेंद्र सेवा प्रमुख,सह खंड कार्यवाह बृजनंदन,शारीरिक प्रमुख दुर्गेश अग्रवंशी,सौरभ उपाध्याय,मनोज सिंह,ज्ञानेंद्र आचार्य,उमारमण सिंह सहित सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
सुरक्षा व्यवस्था में थानाध्यक्ष तरुण पटेल अपने पुलिस दलबल के साथ पूरे समय उपस्थित रहे।

More news