लखनऊ।उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ और अवध क्षेत्र में मंगलवार सुबह मौसम का मिजाज पूरी तरह बादल गया।सुबह नौ से दस बजे के बीच अचानक घने बादलों ने सूर्य देव को ढंक लिया,जिससे सड़कों पर अंधेरा छा गया और वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।इसके तुरंत बाद शुरू हुई तेज आंधी और बारिश ने पूरे शहर को सराबोर कर दिया।कई इलाकों में तेज तो कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। लखनऊ में कैसरगंज,शास्त्रीनगर,कुंदरकी रकाबगंज समेत अन्य क्षेत्रों में बारिश हुई।बारिश के साथ हवा चलने से ठंड में बढ़ोतरी हो गयी।
लखनऊ के हजरतगंज,गोमती नगर और अमौसी क्षेत्र में अचानक काले बादल छाने से दृश्यता काफी कम हो गई। देखते ही देखते धूल भरी आंधी चली और फिर मूसलाधार बारिश शुरू हो गई।तेज आंधी के कारण टीन शेड उड़ गए और सड़क किनारे लगे फ्लैक्स फट गए। 1090 चौराहे पर सड़क के किनारे लगे हरे रंग की शीट उड़कर सड़क पर बिखर गई।अचानक बदले मौसम से शहर की रफ्तार थम सी गई।बारिश से स्कूल,दफ्तर और रोजमर्रा के कामों के लिए घर से निकले लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में लोग भीगते नजर आए,जबकि सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही राजधानी लखनऊ में मौसम बदलने का पूर्वानुमान जारी किया था।
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार यह छिटपुट बारिश मंगलवार तक ही सीमित रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में कमी आने के बाद बुधवार से मौसम में सुधार देखने को मिलेगा। इसके साथ ही तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है,जिससे लोगों को बीते दिनों की उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नए विकसित हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी यूपी से शुरू हुई बूंदाबांदी का दायरा मंगलवार को बुंदेलखंड,विंध्य क्षेत्र,प्रयागराज मंडल तक पहुंचेगा। प्रदेश में यह बदलाव 4 फरवरी तक रहेगा। इसके बाद कोहरा छंटेगा और तापमान में हल्की गिरावट आएगी।
मौसम विभाग ने फतेहपुर,रायबरेली,कानपुर नगर,कानपुर देहात,उन्नाव,लखनऊ,बाराबंकी,कन्नौज,हरदोई,सीतापुर, बहराइच,गोंडा,लखीपुर खीरी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए आकाशीय बिजली गिरने, तेज बादल गरजने, 30 से 50 की रफ्तार से आंधी चलने के साथ ही बारिश की अलर्ट जारी किया है।इसके अलावा प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशाम्बी, हमीरपुर, जालौन, झांसी, इटावा, मैनपुरी, अयोध्या, औरैया, फर्रुखाबाद और आसपास के जिलों में हल्की बारिश के साथ 30 से 40 की रफ्तार से हवा चल सकती है।
बताते चलें कि मौसम विभाग की ओर से मंगलवार के लिए यूपी के हमीरपुर,महोबा,झांसी,ललितपुर आदि जिलों में बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।साथ ही 23 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इस बीच जालौन,हमीरपुर,महोबा,झांसी, ललितपुर आदि जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चलेंगी।
इटावा,औरेया,जालौन,हमीरपुर,महोबा,झांसी,ललितपुर और आसपास के इलाकों में मौसम विभाग ने ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
देवरिया,गोरखपुर,संतकबीरनगर,बस्ती,कुशीनगर, महाराजगंज,सिद्धार्थनगर,गोंडा,बलरामपुर,श्रावस्ती,बहराइच, लखीमपुर खीरी,सहारनपुर,शामली,मुजफ्फरनगर,बागपत, मेरठ,बिजनौर,अमरोहा,मुरादाबाद,रामपुर,बरेली,पीलीभीत और आसपास के इलाकों घना से बहुत घना कोहरा की संभावना है।
मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं।गेहूं की फसल तैयार हो रही है और सरसों की कटाई का समय है।ऐसे में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि फसलों को भारी नुकसान पहुंचा सकती है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे फिलहाल सिंचाई रोक दें और कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखें।