लोकसभा चुनाव: चुनावी समर में राजा भ‌इया की पार्टी जनसत्ता दल भी आजमाएगी ताकत,दो सीटों पर चुनाव लड़ना है तय,अन्य सीटों पर चल रहा मंथन
लोकसभा चुनाव: चुनावी समर में राजा भ‌इया की पार्टी जनसत्ता दल भी आजमाएगी ताकत,दो सीटों पर चुनाव लड़ना है तय,अन्य सीटों पर चल रहा मंथन

07 Mar 2024 |  65





प्रतापगढ़।लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। कभी भी चुनावी बिगुल बज सकता है।राजनीतिक पार्टियां लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी हैं।अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर रही हैं।इसके साथ ही रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भ‌इया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक भी चुनावी मैदान में उतरने जा रही है। जनसत्ता दल ने प्रतापगढ़ और कौशांबी लोकसभा मैदान में उतरने की पूरा मन बना लिया है।यूपी की अन्य लोकसभा सीटों पर भी प्रत्याशी उतारने के बारे में मंथन जारी है।

जानें जनसत्ता दल का सियासी सफर

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी का गठन 30 नवंबर 2018 को हुआ था। 2019 के लोकसभा चुनाव में पहली बार जनसत्ता दल ने अपने प्रत्याशी चुनावी मैदान को उतारा था। प्रतापगढ़ लोकसभा से पूर्व सांसद अक्षय प्रताप सिंह गोपाल जी और कौशांबी लोकसभा से यहीं के पूर्व सांसद शैलेंद्र कुमार को प्रत्याशी बनाया था।अक्षय प्रताप सिंह गोपाल जी चौथे और शैलेंद्र कुमार तीसरे पायदान पर रहे थे। 2022 के विधानसभा चुनाव में जनसत्ता दल ने प्रतापगढ़, प्रयागराज, अमेठी समेत अन्य जिलों की 24 सीटों पर दावा ठोंका।रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भ‌इया ने कुंडा से सातवीं और विनोद सरोज ने बाबागंज से चौथी बार जीत दर्ज की।अब जनसत्ता दल लोकसभा चुनाव में फिर अपना जनाधार बढ़ाने में जुटी हुई है। लोकसभा चुनाव में जनसत्ता दल प्रतापगढ़ और कौशांबी लोकसभा से चुनावी मैदान में लड़ने का पूरा मन बना चुकी है।आसपास के जिलों की लोकसभा सीटों पर ताल ठोंकने के लिए गहन मंथन जारी है।

राज्यसभा के चुनाव से बदली हवा

हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी को वोट दिया था।इसके बाद से ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई थी। भाजपा और जनसत्ता दल में गठबंधन को लेकर भी कयास लग रहे थे।इसी बीच जनसत्ता दल में चुनावी हलचल बढ़ने पर इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं,जिसको लेकर चर्चा भी जोर पकड़ रही है। जनसत्ता दल इस बार लोकसभा चुनाव में फिर अपने प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारेगी।प्रतापगढ़ और कौशांबी लोकसभा के चुनावी मैदान में उतरना तय है। अन्य लोकसभा सीटों के बारे में कार्ययोजना बन रही है। जनसत्ता दल कुल कितनी सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारेगी।इसका निर्णय संगठन करेगा। जनसत्ता दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार हैं।

तीन बार सांसद रहे शैलेंद्र,दो बार से विनोद सोनकर हैं सांसद

कौशांबी लोकसभा सीट से शैलेंद्र कुमार तीन बार सांसद रह चुके हैं, जबकि दो बार से भाजपा से लगातार विनोद सोनकर सांसद हैं।शैलेंद्र कुमार पहली बार 1998 में सांसद बने। 2004 में दूसरी बार सांसद बने। 2009 में तीसरी बार सांसद बने। 2014 में भाजपा से विनोद सोनकर सांसद बने। 2019 में विनोद सोनकर दूसरी बार सांसद बने।

बता दें कि शैलेंद्र कुमार रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भ‌इया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक से जुड़े हुए हैं। इस बार लोकसभा चुनाव में जनसत्ता दल से शैलेन्द्र कुमार चुनाव मैदान में उतरने को लेकर पूरी ताकत के साथ तैयारी शुरू कर दी हैं।मंझनपुर-सिराथू रोड पर केंद्रीय चुनाव कार्यालय भी सक्रिय कर दिया गया है।वहीं तीसरी बार विनोद सोनकर भाजपा से चुनावी मैदान में उतरकर जीत दर्ज करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रखा हैं। बहरहाल भाजपा किसे चुनावी मैदान में उतारती है ये दूसरी लिस्ट जारी होने पर ही पता चल पाएगा।

More news