सीएम का जनता दर्शन:विधानसभा सत्र से पहले जनता से मिले सीएम योगी,जमीन कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचा सैनिक,दिए ये निर्देश,बच्चों को दुलारा
सीएम का जनता दर्शन:विधानसभा सत्र से पहले जनता से मिले सीएम योगी,जमीन कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचा सैनिक,दिए ये निर्देश,बच्चों को दुलारा

09 Feb 2026 |   26



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विधानसभा सत्र की महत्वपूर्ण व्यस्तताओं के बीच अपने सरकारी आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया।विधानसभा जाने से पहले सीएम विभिन्न जिलों से आए नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना और समाधान का भरोसा दिया।इस दौरान सीएम का सख्त रुख भू-माफियाओं के खिलाफ दिखा तो वहीं बीमारों और बच्चों के प्रति उनका संवेदनशील पक्ष भी सामने आया।

देश के रक्षकों की जमीन पर कब्जे पर सख्त रुख

हापुड़ से आए दो सैनिकों ने जब अपनी व्यथा सुनाई तो सीएम योगी गंभीर हो गए।सैनिकों ने बताया कि वे सीमा पर देश की रक्षा कर रहे हैं,जबकि उनके नेत्रहीन पिता की जमीन पर उनके ही दबंग रिश्तेदारों ने अवैध कब्जा कर लिया है,वे हथियार के बल पर जान से मारने की धमकी भी देते हैं। इस पर सीएम योगी ने तत्काल हापुड़ जिला प्रशासन को फोन कर मामले की जांच करने और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि सैनिकों के परिवार के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

इलाज के लिए सरकारी मदद का भरोसा

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम ने उनकी पीड़ा सुनते हुए संवेदनशीलता दिखाई और स्पष्ट कहा,आप अस्पताल से इलाज का एस्टिमेट (खर्च का विवरण) बनवाकर दीजिए सरकार इलाज का पूरा पैसा देगी।सीएम ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे केवल मरीज की सेवा और स्वास्थ्य पर ध्यान दें,इलाज के खर्च की चिंता सरकार की जिम्मेदारी है।

बच्चों को दुलार और मोबाइल से दूरी की सीख

जनता दर्शन का नजारा उस वक्त बेहद भावुक हो गया जब सीएम योगी के पास छोटे बच्चे पहुंचे। सीएम ने बच्चों को चॉकलेट दी और उनसे उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा।सीएम ने बच्चों को दुलारते हुए एक गुरु की तरह सीख दी कि,खूब मन लगाकर पढ़ाई करो और मोबाइल से दूर रहो। सीएम ने अभिभावकों को भी बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का सुझाव दिया।

अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण की चेतावनी

राजस्व,बिजली और नगर निगम से जुड़ी शिकायतों पर सीएम योगी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फाइलें सौंपते हुए कड़े निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि 25 करोड़ जनता की सेवा और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बता दें कि विधानसभा सत्र के पहले दिन सीएम का यह जनता से जुड़ाव उनके सुशासन के संकल्प को और मजबूती देता नजर आया।

More news