गजब:बदायूं में हेलीकॉप्टर से दुल्हन लेकर गांव पहुंचा इंजीनियर दूल्हा,देखने के लिए ग्रामीणों की उमड़ी भीड़
गजब:बदायूं में हेलीकॉप्टर से दुल्हन लेकर गांव पहुंचा इंजीनियर दूल्हा,देखने के लिए ग्रामीणों की उमड़ी भीड़

05 Feb 2026 |   107



 

बदायूं।उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिल्सी तहसील क्षेत्र के सुंदर नगर गांव के के अमित चौहान ने अपनी शादी को खास अंदाज में यादगार बनाया।जब गुरुवार को ग्रेटर नोएडा से दुल्हन को लेकर अमित हेलीकॉप्टर से गांव पहुंचा तो कौतूहल और उत्साह का माहौल बन गया।उन्हें देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ हेलीपैड के पास जमा हो गई।हर कोई हेलीकॉप्टर से दोनों को देखने के लिए आतुर नजर आया।

सुंदरनगर गांव के रहने वाले धर्मवीर चौहान के बेटे अमित चौहान पेशे से इंजीनियर हैं।उनके परिवार की लंबे समय से तमन्ना थी कि अमित की शादी कुछ अलग और यादगार हो। बुधवार को बरात गांव से ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना हुई और विवाह संपन्न होने के बाद गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे दूल्हा अमित हेलीकॉप्टर दुल्हन लेकर सीधे गांव पहुंचे।

हेलीकॉप्टर के उतरते ही सुंदरनगर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।गांव के लोगों ने फूलों की वर्षा कर अमित और उसकी दुल्हन का गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों का कहना था कि उन्होंने पहली बार किसी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से गांव आते देखा है। 

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। हेलीपैड के आसपास बैरिकेडिंग कराई गई थी और पुलिस बल तैनात रहा,जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। 

गांव के लोगों के मुताबिक अमित चौहान अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं और उनके विवाह की यह अनोखी शुरुआत लंबे समय तक गांववासियों के बीच यादगार बनी रहेगी।

More news