जौनपुर।उत्तर प्रदेश के जौनपुर के केराकत थाना क्षेत्र तरियारी गांव में एक घर में प्रलोभन देकर मतांतरण कराने की सूचना पर रविवार को पुलिस ने छापेमारी की।पुलिस ने लगभग 30 लोगों को हिरासत में लिया था,इनमें से ईसाई मिशनरी से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार कर सोमवार को चालान कर दिया। कोर्ट ने न्यायिक अभिरक्षा में चारों को जेल भेज दिया।पुलिस की कार्रवाई से ईशाई मिशनरी से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड सत्संग बाबा रामजन्म नागर ने पुलिस को दी थी सूचना
विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड सत्संग प्रमुख बाबा रामजन्म नागर ने केराकत कोतवाली में सूचना दी थी कि तरियारी गांव का अजय कुमार गौतम ईसाई मिशनरी से जुड़ा है,वह अपने घर पर मिशनरी से जुड़े लोगों को बुलाकर प्रार्थना सभा के बहाने लोगों को जुटाकर अंधविश्वास व सहित तरह-तरह के प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए लोगों को प्रेरित करता है।इसे गंभीरता से लेते हुए कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने टीम के साथ अजय कुमार के घर छापेमारी की।पुलिस को मौके से ईसाई धर्म के प्रचार का पोस्टर,26 बाइबिल,दो वास्तविक संग्रह,छह पवित्र शास्त्र भजन संहिता, नीति वचन और एक नया विधान एवं स्त्रोत ग्रंथ ईसाई धर्म मिला।वहां मिले लगभग 30 लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर कोतवाली लाई।इनमें पुरुष,महिलाएं और बच्चे थे।पूछताछ कर चार को गिरफ्तार कर अन्य को रिहा कर दिया।गिरफ्तार लोगों में अजय कुमार,बलईपुर गांव का राजबली, गौराबादशाहपुर के मैरादखान का अवधेश और आजमगढ़ जिले के बरदह थाना के बरौना गांव का दिवाकर है।पुलिस ने बाबा रामजन्म नागर की तहरीर पर चारों के विरुद्ध मतांतरण संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सोमवार को चालान कर दिया। बता दें कि लगभग तीन महीने पहले सरकी गांव से भी पुलिस ने धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
जानें एएसपी सिटी ने क्या बताया
एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपित ईसाई मिशनरी से जुड़े हैं।आरोपित गांव व दूर-दराज के लोगों को जुटाकर ईसाई धर्म का प्रचार करने के साथ ही बीमारियों से मुक्ति का अंधविश्वास फैलाकर व तरह-तरह के प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने को प्रेरित करते थे। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जौनपुर में धर्म परिवर्तन कराने की जड़ें हैं गहरी
बता दें कि जौनपुर जिले में धर्म परिवर्तन कराने की जड़ें गहरी हैं। अंधविश्वास और लालच देकर धर्म परिवर्तन कराए जाने का खेल चोरी-छिपे कई स्थानों पर काफी समय से चल रहा है। 25 जनवरी को लाइन बाजार थाना प्रभारी सतीश कुमार सिंह को जानकारी मिली थी कि कुद्दूपुर श्रीनगर स्थित राजेंद्र चौहान की चारदीवारी से घेरी गई भूमि पर प्रार्थना सभा की आड़ में ईसाई मिशनरी से जुड़े लोग धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे हैं।मौके पर पहुंची पुलिस ने ओडीशा के केंद्रपाड़ा जिले के तालचुवा थाना के गड़राह निवासी विद्युत प्रामाणिक, उसकी पत्नी सुशाली दास,लाइन बाजार थाना के कुद्दूपुर श्रीनगर निवासी मुन्ना चौहान,पीली कोठी निवासी अमित कुमार और शहर कोतवाली के उमरपुर हरिबंधनपुर निवासी अरुण कुमार को पकड़ा था।पुलिस को दो बाइबिल धर्मग्रंथ,छह क्रास और बड़ी संख्या में मिशनरी की प्रचार सामग्रियां मिलीं थीं।धर्म परिवर्तन के बढ़ते मामलों से चिंता बढ़ने के साथ ही पुलिस के लिए चुनौती बढ़ गई है।
अनुसूचित जाति बस्तियां हैं ईसाई मिशनरी के निशाने पर
धर्म परिवर्तन कराने में जुटीं ईसाई मिशनरियों के निशाने पर गांव की अनुसूचित जाति बस्तियां हैं।कभी जिले में धर्म परिवर्तन कराने का सबसे बड़ा केंद्र चंदवक थाना क्षेत्र का भूलनडीह गांव बन गया था।जौनपुर ही नहीं आसपास के भी कई जिलों से रविवार के दिन होने वाली प्रार्थना सभा में हजारों लोगों की भीड़ जुटती थी।पुलिस और राजस्व प्रशासन की कार्रवाई के बाद मास्टर माइंड दुर्गा प्रसाद यादव गिरफ्तार हुआ तो भूलनडीह में धर्म परिवर्तन पर विराम लग गया, लेकिन चोरी-छिपे जिले भर में मिनशरी से जुड़े लोग धर्म परिवर्तन कराने करा रहे हैं।
छितौना,नरहन,सिहौली,कुसैला है इसका गढ़
केराकत नगर के आसपास छितौना,नरहन,सिहौली,कुसैला, अकबरपुर,सिझवारा,डिहवा,डेडुवाना,सुल्तानपुर,सरकी लेवरूवा,बकुलियां,कुसरना,विशुनपुरा आदि गांवों की अनुसूचित जाति बस्तियों में प्रार्थना सभा की आड़ में लोगों को जुटाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जाता है।बीते साल कुसैला के दिनेश और छितौना के ममता को धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।इससे पहले सुल्तानपुर गांव में भी दो पर भी इसी तरह की कार्रवाई हुई थी।
पुलिस ने पांच लोगों को 22 जून में किया था गिरफ्तार
महराजगंज के केवटली गांव के अनुसूचित बस्ती में गुलाब सरोज के मकान में धर्म परिवर्तन कराने वाले पांच लोगों को पुलिस ने बीते साल 22 जून को गिरफ्तार किया था।पुलिस ने गुलाब चंद्र सरोज,राजेश कुमार,संदीप कुमार और मछलीशहर निवासी राम अनुज और सुनील कुमार को गिरफ्तार किया था।इनके पास से 10 बाइबिल,19 पाकेट बुक,74 धर्म परिवर्तन साहित्य और 124 फोटो ग्राफ बरामद हुआ था। बक्शा थाना क्षेत्र के चकपटैला गांव में पुलिस ने सुनील,राज कुमार और श्यामलाल को पांच अक्टूबर को गिरफ्तार किया था।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई,साल 2023 में भी कई चढ़े थे पुलिस के हत्थे
8 फरवरी 2023:मछलीशहर पुलिस ने सुजानगंज ब्लाक के घघरिया गांव में ईशाई मिशनरी की साहित्य बांटती हुई तीन महिलाओं समेत चार को गिरफ्तार किया था।
12 फरवरी 2023:बदलापुर के मुरादपुर कोटिला गांव में धर्म परिवर्तन के प्रयास में नौ नामजद और दर्जनों अज्ञात के के खिलाफ रू दर्ज कर पुलिस ने 16 को गिरफ्तार किया गया था।एसडीएम कोर्ट से 10 जमानत पर छूटे,जबकि छह जेल गए थे।
21 फरवरी 2023:मीरगंज के करियांव गांव की प्रजापति बस्ती में धर्म परिवर्तन कराने के दो लोग जेल गए थे।
23 फरवरी 2023:बदलापुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-पांच भलुआहीं में धर्म परिवर्तन कराने के दो नामजद समेत कई अज्ञात के के खिलाफ मुकदमा हुआ था और पादरी समेत तीन को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।