मोहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क,संवेदनशील स्थलों पर बढ़ाई निगरानी
मैनपुरी में जुलूस मार्गों से कर्बला तक पैदल पहुंचे डीएम-एसपी,तैयारियों की परखी हकीकत
आशुतोष यादव
मैनपुरी।जिले में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ थाना कोतवाली क्षेत्र के कर्बला स्थल और जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया।इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई,प्रकाश व्यवस्था,बैरिकेडिंग और पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन के दौरान कोई असुविधा न हो।
डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी और और एसपी गणेश प्रसाद साहा ने स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों,ताजियादारों और आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की।उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए परंपरागत तरीके से पर्व मनाने की अपील की।अधिकारियों ने लोगों से किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने और किसी समस्या की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करने को कहा।
एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और आवश्यक स्थानों पर पिकेट भी स्थापित किए जाएंगे।एसपी ने यह भी बताया कि जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एसडीएम,क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
एसपी गणेश साहा ने बताया कि लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) को सक्रिय कर लगातार सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं।प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम पूरे जनपद में सतर्कता बनाए हुए है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मोहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।
डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं,ताकि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।