राजस्व टीम पर कुल्हाड़ी से हमले का आरोप,दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
राजस्व टीम पर कुल्हाड़ी से हमले का आरोप,दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज

18 Jul 2026 |   174



आशुतोष यादव 

मैनपुरी।जिले के एलाऊ थाना क्षेत्र में सरकारी कार्य के दौरान कानूनगो और लेखपाल पर हमला करने और वाहन में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है।इस संबंध में राजस्व विभाग की ओर से एलाऊ थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया है।

कानूनगो राजेश सक्सेना और लेखपाल कर्मवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 जुलाई को जिलाधिकारी के निर्देश पर वे राजस्व टीम के साथ सरकारी कार्य के सिलसिले में एलाऊ चौराहे पर पहुंचे थे।शाम करीब 5:20 बजे वहां सौरभ पुत्र अखिलेश कुमार और उसके एक अन्य साथी ने उनके साथ मारपीट की।आरोपितों ने उनकी गाड़ी 25BH3565D के शीशे और मेटल बॉडी को क्षतिग्रस्त कर दिया।साथ ही कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। राजस्व टीम के सदस्यों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। 

घटना के बाद तहसीलदार भोगांव सहित कई लेखपाल एलाऊ थाने पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

थाना अध्यक्ष अवनीश त्यागी ने बताया कि राजस्व विभाग की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

More news