आशुतोष यादव
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक पर जा रहे एक ही परिवार को पीछे से टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कंटेनर में फंस गई और लगभग 3 किलोमीटर तक घिसटती चली गई।इस हादसे में मां और उसकी दो छोटी बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गया।
37 किमी दूर नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा
यह हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 37 किमी दूर बेवर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर कपिल मुनि आश्रम के पास तड़के करीब 4 बजकर 15 मिनट पर हुआ है।टक्कर के बाद बाइक कंटेनर में फंस गई और घिसटने से उसमें आग लग गई।आग की लपटें कंटेनर तक पहुंच गईं,जिससे कंटेनर में भी आग लग गई। कंटेनर में स्पोर्ट्स शूज का सामान लदा था,जो जलकर खाक हो गया।आग लगते ही कंटेनर चालक गाड़ी छोड़कर भागने लगा तो आसपास के लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।
500 मीटर तक घिसटती गई मां-बेटी
मिली जानकारी के मुताबिक एलाऊ थाना क्षेत्र के कछपुरा गांव निवासी 32 वर्षीय बॉबी कलेक्ट्रेट में संविदा कर्मचारी हैं। बाॅबी सोमवार को अपनी पत्नी 30 वर्षीय सुमन 4 वर्षीय बेटी प्रियांशी और 1 वर्षीय बेटी लाली के साथ ससुराल में श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।मंगलवार सुबह जल्दी घर पहुंचने के लिए बाॅबी करीब 4 बजे बाइक से निकले थे। 15 मिनट बाद ही बेवर थाना क्षेत्र में पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने बाॅबी की बाइक को टक्कर मार दिया।टक्कर के बाद बाइक कंटेनर के पिछले हिस्से में फंस गई।बाइक सवार मां और 4 वर्षीय बेटी करीब 500 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गईं,जिससे उनके शरीर के चिथड़े उड़ गए।वहीं एक वर्षीय बच्ची पहिए के नीचे आकर कुचल गई।हादसे में बाइक चला रहे बॉबी का एक पैर कट गया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
घटना की सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।घायल बॉबी को सीएचसी बेवर से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।मां और दोनों बेटियों के क्षत-विक्षत शवों को पैक कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।पुलिस ने आरोपी कंटेनर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।